Lakshman Singh On Rahul: कांग्रेस से हाल ही में निकाले गए पूर्व राजगढ़ सांसद और पूर्व चांचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह के तेवर बदलते हुए नहीं दिख रहे हैं। लक्ष्मण सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस आलाकमान और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने तंज में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि जिनकी खुद की बारात नहीं निकली, उन्हें क्या मालूम बारात का घोड़ा कैसे चलता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भोपाल में संगठन सृजन अभियान के दौरान कहा था कि कांग्रेस में लंगड़े घोड़े को निकाला जाएगा।
भाजपा में नहीं जाएंगे लक्ष्मण
इस पर लक्ष्मण सिंह ने तंज करते हुए कहा कि उनका निष्कासन इसी का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भाजपा में वापस नहीं जाएंगे और न ही वहां कोई उन्हें लेने वाला है। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि वे प्रदेशभर में घूमकर जनसमर्थन हासिल करेंगे और एक नई कांग्रेस बनाने का इरादा रखते हैं। उनका लक्ष्य एक ऐसी पार्टी बनाना है, जिसमें कार्यकर्ता गर्व से चल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान कांग्रेस में वही लोग रह सकते हैं, जो राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मानते हैं।
नई कांग्रेस बनाने की कही बात
सिंह ने कहा कि मैं एक ऐसी पार्टी बनाना चाहता हूं, जिसमें कार्यकर्ता सीना तानकर चल सके। अब कांग्रेस में सिर्फ वही रह सकता है, जो कहे कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। लक्ष्मण सिंह ने नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसा नेतृत्व होना चाहिए, जो राष्ट्रहित की बात करे।
