भोपाल

इंदौर में जल्द खत्म होगा जाम का झाम, बनकर तैयार होने वाला है बायपास फ्लाईओवर

इंदौर में बायपास पर बन रहे फ्लाईओवर का निरीक्षण करने के लिए शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह फ्लाईओवर अगले साल जुलाई तक पूरा होने की संभावना है। इसके बनने से वाहनों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।

Image

अगले साल तक पूरा होगा फ्लाईओवर (सांकेतिक फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • जुलाई 2025 में पूरा हो जाएगा फ्लाईओवर का निर्माण
  • जल संसाधन मंत्री ने किया फ्लाओवर का निरीक्षण
  • झालरिया में करीब 20 कॉलोनियों और 10 गांवों को मिलेगा लाभ

Indore Bypass Flyover: इंदौर में बायपास पर बेस्ट प्राइस के सामने झलारिया में बन रहे फ्लाईओवर का काम तेजी से चल रहा है। इसका निर्माण कार्य जुलाई 2025 तक पूरा होने की संभावना है। शुक्रवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट फ्लाईओवर का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद इसपर सफर करने वाले 60 हजार से ज्यादा नागरिकों को फायदा होगा। साथ ही इलाके में ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी। इसके निर्माण से झालरिया में करीब 20 कॉलोनियों और 10 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलने वाला है।

गुणवत्ता को ध्यान में रखकर हो रहा निर्माण

इंदौर में बायपास पर बन रहा यह फ्लाईओवर छह जंक्शन लेन और थ्री लेयर वाला देश का अपने तरह का पहला फ्लाईओवर होगा। इसके निर्माण कार्य पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शुक्रवार को अपने दौरे के दौरान मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय राजमार्ग के सुप्रीटेंडेंट इंजीनियर सुमेश बांजल से बात की और फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह कार्य अगले साल के जुलाई महीने में पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर को बनाने में गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

एमपी में बिछाया जा रहा सड़कों का जाल

तुलसीराम सिलावट ने फ्लाईओवर के निर्माण में आ रही छोटी-छोटी समस्याओं को दूर करने और आपसी समन्वय के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि फ्लाईओवर के निर्माण के समय और बारिश के दौरान किसी भी यात्री या वाहन चालक को कोई परेशानी न हो, इसके लिए भी व्यवस्था की जाए। इंदौर में बन रहे इस फ्लाईओवर को लेकर जल संसाधन मंत्री ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। साथ ही विकास को भी नई गति मिली है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article