भोपाल

राजा रघुवंशी के घर पहुंचा नकली TI, परिवार को ठगने का था इरादा; परिजनों ने किया पुलिस के हवाले

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां एक शख्स परिवार को ठगने के इरादे से नकली टीआई बनकर आया था। परिवार वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।

Image

राजा के घर बैठा फर्जी टीआई

Photo : Times Now Digital

Indore News: कई दिनों तक सुर्खियों में बने रहने वाले राजा रघुवंशी से जुड़ी एक और खबर आई है। लेकिन इस बार मामला हत्या से जुड़ा हुआ बिलकुल नहीं है, इस बार मामला ठगी का है। गुरुवार रात ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी के परिवार को ठगने के इरादे से एक धोखेबाज टीआई (थाना प्रभारी) बनकर पहुंचा। खाकी वर्दी पहने इस शख्स ने खुद को राजा का करीबी दोस्त बताया और मृतक के परिजनों से पूछताछ करने लगा। लेकिन परिवार को उसके व्यवहार पर शक हुआ और जैसे ही मामला खुला, गंभीरता को समझते हुए उन्होंने उसे असली पुलिस के हवाले कर दिया।

घर में बैठकर पूछताछ करता रहा "टीआई"

गुरुवार देर रात जब यह शख्स राजा रघुवंशी के घर पहुंचा, तो उसने खुद को टीआई बजरंग लाल जाट बताया और कहा कि वह राजा का दोस्त है। वह राजा के पिता से पूछताछ करने लगा और खुद को मामले की जानकारी लेने वाला पुलिस अधिकारी बताता रहा। लेकिन मां को उसके व्यवहार पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत अपने बेटों को फोन कर जानकारी दी।

बेटों के आने पर हुआ खुलासा

जैसे ही राजा का भाई विपिन और अन्य परिजन घर पहुंचे, उन्होंने उस शख्स से पहचान पत्र और संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा। पूछताछ के दौरान नकली टीआई घबरा गया और जवाब नहीं दे पाया। इसी परिजनों ने तुरंत राजेंद्र नगर पुलिस स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

राजस्थान का रहने वाला है आरोपी

राजेंद्र नगर थाना प्रभारी के अनुसार पकड़ा गया शख्स बजरंग लाल जाट, राजस्थान के रतनगढ़ का निवासी है। परिवार को भरोसे में लेने के लिए पहले उसने दावा किया था कि वह 2021 में उज्जैन में टीआई के पद पर तैनात था और वहीं उसकी राजा से मुलाकात हुई थी। लेकिन विपिन रघुवंशी ने जब यह बताया कि 2021 में कोरोना काल के चलते राजा कहीं बाहर गया ही नहीं था, तब उसके झूठ की परतें उखड़ने लगीं।

सोशल मीडिया पर खबर देख रचा था पूरा नाटक

पूछताछ में बजरंग लाल ने कबूल किया कि उसने सोशल मीडिया पर राजा की हत्या की खबर देखी थी और यह सोचकर वह परिवार को ठगने के इरादे से पहुंचा था। वह चाहता था कि खुद को पुलिस अधिकारी बताकर परिवार से संवेदना जताए और धीरे-धीरे उनकी जानकारी और भरोसे का फायदा उठाकर कोई ठगी कर सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार बजरंग लाल पहले भी नकली पुलिस बनकर वारदातें कर चुका है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!