भोपाल

Madhya Pradesh News: बेतुल में 11 घंटे के भीतर दो सड़क दुर्घटना, हादसे में पांच लोगों की मौत और 12 घायल

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बैतूल में 11 घंटे के भीतर दो भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। अलग-अलग इस सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है और 12 लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

बैतूल में सड़क दुर्घटना

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से अलग-अलग स्थानों पर दो सड़क दुर्घटनाओं की खबर सामने आई है। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई और 12 व्यक्ति घायल हुए। पुलिस ने बताया कि एक दुर्घटना बैतूल-परासिया रोड पर हुई, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी, जबकि दूसरी घटना भरकावाड़ी गांव के पास हुई, जिसमें एक ट्रक और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर हो गई। पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। मृतकों के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से 2 लोगों की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैतूल-परासिया रोड पर हनुमान डोल के पास रविवार सुबह करीब सात बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 व्यक्ति घायल हो गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमला जोशी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी मजदूर थे और वे बैतूल रेलवे स्टेशन से अपने गांव जा रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि सभी मजदूर एक महीने पहले तमिलनाडु के कन्याकुमारी से बैतूल आये थे और यहां एक कारखाने में काम करते थे। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में से एक व्यक्ति को भोपाल स्थानांतरित किया गया है।

ट्रक से टक्कर में तीन लोगों की मौत

बैतूल में हुए दूसरे सड़क हादसे में एक ट्रक ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ था। बैतूल बाजार पुलिस थाने की प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर भरकावाड़ी गांव के पास हुई। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में तीन लोग घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान विजय (35), कृष्णा धुर्वे (20) और रघुनाथ सरेयाम (38) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article