शहर

'देवभूमि को बना दिया पेपर लीक का केंद्र...' देहरादून आने से पहले राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला; युवाओं से की ये अपील

Rahul Gandhi Dehradun: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई से देहरादून से 'छात्रों की गूंज' अभियान के अगले चरण की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी ने एक्स (X) पर पोस्ट कर उत्तराखंड को पेपर लीक का केंद्र बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

Image

17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे राहुल

Photo : Times Now Digital

Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं और छात्रों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ को और अधिक मजबूत करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान पर निकल रहे हैं। राजस्थान के कोटा से 'छात्रों की गूंज' अभियान की शुरुआत करने के बाद, अब राहुल 17 जुलाई से इस अभियान के अगले बड़े चरण का शंखनाद उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से करने जा रहे हैं।

कांग्रेस इस अभियान को महज औपचारिक छात्र सभाओं तक सीमित नहीं रख रही है, बल्कि पार्टी इसे युवाओं के बीच राष्ट्रीय स्तर पर संवाद स्थापित करने और अपने संगठन विस्तार की एक बहुत बड़ी कवायद के रूप में देख रही है। इसके तहत देश के अलग-अलग राज्यों के प्रमुख विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से छात्रों को सीधे जोड़ने की एक व्यापक रणनीति तैयार की गई है।

'X' पर लिखा- देवभूमि को बना दिया पेपर लीक का सेंटर

देहरादून दौरे से ठीक पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा कर उत्तराखंड की मौजूदा स्थिति पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा, "17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूं। पर उत्तराखंड ही क्यों? क्योंकि देवभूमि को पेपर लीक का केंद्र बना दिया गया है..."

राहुल गांधी ने राज्य की भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आगे लिखा है कि UKSSSC परीक्षा में यहां एक “सिस्टम” बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल, या कोई और पद काबिलियत से नहीं, अपराधियों के तय किए रेट से मिलता है। सरकार ने सख्त नकल-विरोधी कानून बनाया, लेकिन इसके बावजूद पेपर लीक होते रहे। कानून सिर्फ कागज पर रहा और पेपर खुले बाजार में बिकते रहे। पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें लिखा है कि आपका Paper Leak और उसका Rate Fix हो चुका है। साथ ही रेट कार्ड की एक प्रतीकात्मक तस्वीर में 'Uttarakhand Patwari - 2025' हाइलाइटेड है।

"यह लीक नहीं, युवाओं के भविष्य की चोरी है"

राहुल गांधी ने युवाओं का दर्द साझा करते हुए लिखा कि एक बच्चा सालों तैयारी करता है, फॉर्म भरता है, फीस देता है और दूर के सेंटर तक परीक्षा देने जाता है, लेकिन उसका पद कोई और खरीद लेता है। उन्होंने इसे पेपर लीक नहीं बल्कि युवाओं के हक, रोजगार और उनके भविष्य की 'चोरी' करार दिया। राहुल ने उत्तराखंड के अभ्यर्थी और छात्र को कहा कि यह उनकी लड़ाई है और वे पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने अंत में आह्वान किया कि आइए, 17 जुलाई को देहरादून में ‘छात्रों की गूंज’ को एक बड़ी हुंकार बनाएं।

आगे प्रयागराज और पुणे का रुख करेंगे राहुल

घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 17 जुलाई को देहरादून में छात्रों से संवाद करने के बाद राहुल गांधी अभियान के अगले पड़ाव के तहत उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, फिर महाराष्ट्र के पुणे और उसके बाद कर्नाटक के बेंगलुरु में छात्रों के बीच पहुंच सकते हैं। युवाओं से संवाद के इस चरण का भव्य समापन 9 अगस्त को देश की राजधानी दिल्ली में एक विशाल छात्र रैली के साथ होगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article