शहर

औरैया में डॉक्टर ने यमुना नदी में लगाई छलांग, हॉस्पिटल संचालक और पुलिस लगाए गंभीर आरोप

औरैया में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर ने यमुना नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। छलांग लगाने से पहले उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अस्पताल संचालक, एक युवक और सदर कोतवाली एसएचओ पर कार्रवाई न करने व समझौता कराने का आरोप लगाया।

Image

डॉक्टर सौरभ बाजपेयी की फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर सौरभ बाजपेयी ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले डॉक्टर ने अपने फेसबुक अकाउंट से कई लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए, जिसमें उसने अस्पताल संचालक पर थप्पड़ मारने और स्थानीय पुलिस पर जबरन समझौता कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद SDRF और स्थानीय गोताखोर डॉक्टर की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 14 घंटे बाद नदी से शव बरामद हुआ है।

पत्नी ने SHO पर लगाए गंभीर आरोप

डॉक्टर का शव बरामद होने के बाद उसकी पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर औरैया के एसएचओ ने निष्पक्ष कार्रवाई की होती तो उनके पति की जान नहीं जाती। पत्नी का आरोप है कि अस्पताल संचालक एस.के. सिंह और एसएचओ एक ही जाति के होने के कारण पुलिस ने शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की। डॉ. सौरभ ने भी सुसाइड करने से पहले पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। फिलहाल मामला तूल पकड़ता जा रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

थप्पड़ मारने से आहत थे डॉक्टर

यह पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। डॉक्टर सौरभ बाजपेयी तिलक नगर में स्थित 'रामऔतार हॉस्पिटल' में डॉक्टर के पद पर तैनात थे। वायरल वीडियो के अनुसार, अस्पताल में किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद अस्पताल संचालक ने उसपर हाथ उठा दिया। डॉक्टर सौरभ ने वीडियो में कहा, "मैं रामऔतार हॉस्पिटल में डॉ. एसपी सिंह निवासी हरिहरपुर के साथ काम करता हूं। उन्होंने एक छोटी सी बात पर मेरे ऊपर हाथ उठाया है।"

पुलिस पर लगाया जबरन समझौता कराने का आरोप

डॉक्टर ने अपनी आत्महत्या के लिए सर्वेश सिंह और उनके बेटे गौरव सिंह निवासी हरिहरपुर नरेश को जिम्मेदार बताया है। उसने कहा कि गौरव सिंह की मारपीट से वह बेहद आहत हैं। फेसबुक लाइव वीडियो में डॉक्टर सौरभ ने औरैया पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "मैं शिकायत लेकर औरैया थाने गया था। वहां एसएचओ (SHO) ठाकुर हैं, जिन्होंने कोई कानूनी कार्रवाई करने के बजाय मेरा जबरन समझौता करा दिया। मैं पंडित हूं और ये लोग ठाकुर हैं।"

वीडियो में डॉक्टर ने अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए कहा कि उनका एक छोटा बच्चा है और उनके पिता की इतनी आर्थिक स्थिति नहीं है कि वो इन सब चीजों से लड़ सकें। इसके बाद डॉक्टर ने यमुना पुल पर खड़े होकर नदी को दिखाते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया और कहा, "गौरव सिंह, तुमने मेरे ऊपर हाथ उठाया, तुमको छोड़ेंगे नहीं। नौकरी के लिए मना कर देते, मेरे पास 50 नौकरियां हैं।"

12 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना के बाद औरैया के सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि डॉ. सौरभ बाजपेयी ने यमुना नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलने पर तुरंत संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस, गोताखोर और SDRF की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। बचाव दल पिछले 14 घंटे तक डॉक्टर की तलाश में जुटा रहा, जिसके बाद शव बरामद कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article