भोपाल

Chhindwara Cough Syrup: जहरीले कफ सिरप मामले में एक और बड़ा एक्शन, छिंदवाड़ा के 3 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस रद्द, जल्द सील होंगी दुकानें

Chhindwara Cough Syrup: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीला कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले में FDA ने सख्त कार्रवाई की। FDA ने परासिया में स्थित तीन मेडिकल स्टोर के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। साथ ही इन दुकानों को सील करने की कार्रवाई जा रही है।

Image

कप सिरप (प्रतीकात्मक फोटो: istock)

Chhindwara Cough Syrup: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में जहरीले 'कोल्ड्रिफ सिरप' (Coldrif Syrup) के वितरण से जुड़े मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA), भोपाल ने सख्त कार्रवाई की है। औषधि निरीक्षकों के विशेष जांच दल द्वारा परासिया क्षेत्र में बेचे गए मिलावटी औषधि बैच नं. SR-13 से संबंधित निरंतर कार्रवाई की जा रही है। जांच में अनियमितता पाए जाने पर, परासिया स्थित तीन औषधि विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।

दूषित सिरप बेचने और गलत बिल जारी करने का आरोप

जिन तीन मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की गई है, उनमें पारस मेडिकल स्टोर, रसेला मेडिकल स्टोर और श्रीवास्तव मेडिकल स्टोर सभी परासिया (छिंदवाड़ा) स्थित हैं। मामले की जांच कर रही टीम न निरीक्षण में पाया कि इन तीनों मेडिकल स्टोर संचालकों ने न केवल दूषित औषधि, यानी 'कोल्ड्रिफ सिरप' (बैच नं. SR-13) का विक्रय किया, बल्कि उनके द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन भी किया गया है, जिसमें इन विक्रेताओं द्वारा गलत बिल भी जारी किए गए थे। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए यह लाइसेंस रद्द करने की सख्त कार्रवाई की गई है।

दुकानों को किया जाएगा सील

लाइसेंस निरस्त करने के आदेश की प्रतियां जारी होते ही, संबंधित अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से तीनों मेडिकल दुकानों को सील बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। FDA का यह कठोर कदम मिलावटी दवाओं की बिक्री के प्रति शून्य-सहनशीलता की नीति को दर्शाता है। इस कार्रवाई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों की मौत से जुड़े इस गंभीर मामले में किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही या गैरकानूनी काम को बख्शा न जाए और राज्य में दवाओं की गुणवत्ता और वितरण की निगरानी को मजबूत किया जा सके, ताकि आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article