Madhya Pradesh News: भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित 'मध्यप्रदेश खेल अलंकरण समारोह 2021-22' एवं खेलो इंडिया सेन्टर्स का लोकार्पण मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस मौके पर सीएम शिवराज ने खेल जगत और खिलाड़ियों से जुड़ी 8 बड़ी घोषणाएं की। नीचे पढ़िए, इन घोषणाओं में क्या-क्या शामिल है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की ये 8 घोषणाएं
- ओलंपिक गेम्स, एशियन गेम्स और अन्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि दोगुनी की जाएगी एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि दी जाएगी।
- खेल अकादमी के मुख्य तकनीकी सलाहकारों, प्रशिक्षकों आदि अमले की सेवा शर्तों को और उपयोगी बनाया जाएगा तथा उनके मानदेय में वृद्धि की जाएगी।
- खेल संघों को नियमित गतिविधियों के संचालन हेतु राज्य स्तरीय खेल संघ को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
- खेल विभाग के अमले की पुर्नसंरचना की जाएगी तथा महानिदेशक, खेल का पद भी सर्जित किया जाएगा।
- अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स नाथू बरखेड़ा में क्रिकेट स्टेडियम के साथ ही साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल व साइक्लिंग बैलोड्रम का निर्माण किया जाएगा।
- खेल अकादमियों के उत्कृष्ट प्रदर्श को देखते हुए खिलाड़ियों की सीटों में वृद्धि की जाएगी।
- एकलव्य पुरस्कार 15 से बढ़ाकर 20, विक्रम पुरस्कार 12 से बढ़ाकर 20 तथा विश्वामित्र पुरस्कार 3 से बढ़ाकर 5 किए जाएंगे।
- प्रत्येक विभाग में खिलाड़ी कोटे से भर्ती हेतु पद आरक्षित किए जाएंगे।
