Bhopal : राजधानी भोपाल के लोगों के लिए ये खबर बेहद अहम है। मंगलवार से आने वाले 27 दिनों के लिए शहर में कई मुख्य मार्गों पर यातायात बंद रहेगा। जिसके विकल्प के तौर पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। बता दें कि मेट्रो रेल के लिए 27 दिन और जीजी फ्लाईओवर के लिए राजधानी में 13 दिन कई प्रमुख मार्ग बंद रहेंगे।
मेट्रो ट्रेन के स्टेशन के निर्माण के लिए 27 दिन तक प्रेस कॉम्प्लेक्स तिराहे से एसबीआई बैंक तक का मार्ग बंद रहेगा व एमपी नगर से सुभाष नगर की ओर जाने वाला ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। प्रेस कॉम्प्लेक्स तिराहे से एसबीआई बैंक तिराहे तक का मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। संबंधित महकमे के अधिकारियों के मुताबिक शहर के सुभाष नगर से एमपी नगर जाने वाले हल्के वाहन सुभाष नगर से आरबीआई होते हुए निर्माण सदन, भू-जल भवन, बीएसएनएल कार्यालय से होते हुए प्रेस कॉम्प्लेक्स तिराहे होकर एमपी नगर जा सकेंगे। वहीं एमपी नगर से लौटते वक्त हल्के वाहन इसी डायवर्ट रूट से वापस आ सकेंगे।
