भोपाल

इंदौर में किन्नरों ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत खराब; किस बात पर उठाया खौफनाक कदम

मध्य प्रदेश के इदौर में ट्रांसजेंडर समुदाय के करीब 24 सदस्यों ने बुधवार रात एक साथ फिनाइल पीने का दावा किया, जिसके बाद उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स घटनाक्रम का संबंध ट्रांसजेंडर समुदाय के दो स्थानीय गुटों के आपसी विवाद से हो सकता है।

Image

इंदौर में किन्नरों ने खाया जहरीला पदार्थ

इंदौर में ट्रांसजेंडर समुदाय के गुटीय विवाद में 24 लोगों के कथित तौर पर फिनाइल पीने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने एक गुट की प्रमुख को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पंढरीनाथ पुलिस थाने में दर्ज मामले के आधार पर ट्रांसजेंडर के एक स्थानीय गुट की प्रमुख सपना गुरु को हिरासत में लिया गया है। ट्रांसजेंडर के दूसरे गुट के सदस्यों का आरोप है कि सपना गुरु और उसके तीन साथियों ने इस समुदाय के एक सम्मेलन के लिए एकत्रित धरोहर राशि उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें जान से मार डालने की धमकी भी दी। इस विवाद में पहले भी SIT गठित हो चुकी है लेकिन जांच पूरी नहीं हो पाई।

दंडोतिया ने बताया कि ट्रांसजेंडर के इस गुट ने यह आरोप भी लगाया है कि सपना गुरु और उसके साथियों की प्रताड़ना से तंग आकर उसके 24 सदस्यों ने आत्महत्या के इरादे से बुधवार रात कथित तौर पर ‘फिनाइल’ पी लिया था। फिनाइल पीने की बात कहने वाले सभी 24 लोगों को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक सभी मरीजों की हालत पूरी तरह खतरे से बाहर है।

पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के गुटीय विवाद को लेकर पंढरीनाथ पुलिस थाने में दर्ज मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दंडोतिया ने बताया कि एमवायएच परिसर में बुधवार देर रात हंगामे के बीच एक ट्रांसजेंडर ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसकी कोशिश नाकाम दी थी।

न्यूज एजेंसी भाषा के हवाले से पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शहर में ट्रांसजेंडर समुदाय के दो गुटों के बीच वर्चस्व, धन के लेन-देन और गद्दी (गुरु पद) को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा है और दोनों गुट आए दिन एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग करते रहते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article