Congress MLA Controversial Statement: मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के महिलाओं पर दिए गए विवादित बयान को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है और नेताओं की टिप्पणियां सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री मोहन यादव का भी बयान भी सामने आया। उन्होंने कांग्रेस विधायक की अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
मोहन यादव ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस विधायक के विवादित बयान की न सिर्फ निंदा की, बल्कि कांग्रेस से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा, ''...कांग्रेस विधायक ने बहुत गलत बयान दिया है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए, और उन्हें अपने विधायक को पार्टी से निकालना चाहिए।"
कांग्रेस विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भाजपा ने कांग्रेस से फूल सिंह बरैया के निष्कासन की मांग की। साथ ही कई स्थानों पर कांग्रेस विधायक का पुतला भी जलाया गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बरैया के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को लेकर शर्मनाक बयान देने वाले कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के साथ राहुल गांधी ने मंच साझा कर कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता प्रदर्शित की है। बरैया का बयान कांग्रेस की विचारधारा और मातृशक्ति के प्रति निम्न स्तरीय संस्कार का प्रतिबिंब है। सोनिया व प्रियंका की चुप्पी कांग्रेस की कथनी और करनी उजागर करती है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने फूल सिंह बरैया के बयान पर कहा कि बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को 'तीर्थ' से जोड़ने का प्रयास न केवल घोर आपत्तिजनक है, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान की परंपरा का अपमान भी है। बरैया द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन कर पुतला जलाया।
भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी से फूल सिंह बरैया को निष्कासन की मांग करते हुए उनका पुतला जलाया। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य सभी जिलों में भी महिला मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन कर बरैया से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए पुतला जलाया गया।
