शहर

20 या 21... जानिए किस दिन से आम जनता के लिए शुरू होगी Bhopal Metro, यहां देखें शेड्यूल से लेकर किराया

Bhopal Metro: भोपाल मेट्रो को लेकर अब इंतजार खत्म हो रहा है। 20 दिसंबर को सीएम द्वारा मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया जाएगा और 21 दिसंबर से आम जनता के लिए मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। आइए आपको मेट्रो की टाइमिंग के साथ किराये के बारे में बताएं।

Image

जानिए किस दिन से आम जनता के लिए शुरू होगी Bhopal Metro (प्रतीकात्मक तस्वीर- iStock)

Bhopal Metro: लंबे समय से मेट्रो शुरू होने की राह देख रहे भोपाल के लोगों का अब इंतजार खत्म होने जा रहा है। इंदौर के बाद अब भोपाल के लोग भी मेट्रो में सफर कर पाएंगे, क्योंकि 20 दिसंबर की शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल मेट्रो का उद्घाटन किया जाएगा और उस दौरान वह मेट्रो में यात्रा भी करेंगे। लेकिन आम जनता के लिए मेट्रो सेवाएं 20 दिसंबर से शुरू नहीं होंगी। अब सवाल ये है कि अगर 20 से नहीं तो कब से मेट्रो सेवा का लुत्फ उठा पाएंगे भोपालवासी। आइए आपको भोपाल मेट्रो के शेड्यूल से लेकर किराये तक की जानकारी दें।

उद्घाटन के बाद मेट्रो में यात्रा करेंगे सीएम

बता दें कि 20 दिसंबर को भोपाल मेट्रो सिटी बन जाएगी, क्योंकि इसी दिन शाम के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। जानकारी के अनुसार, सीएम और केंद्रीय मंत्री सुभाष नगर से एम्स के बीच 6.22 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर यात्रा करेंगे।

आम जनता के लिए कब से शुरू होगी मेट्रो सेवा?

मिली जानकारी के अनुसार, भोपालवासियों के लिए मेट्रो सेवा 20 दिसंबर नहीं 21 दिसंबर की सुबह 9 बजे से शुरू होगी। आखिरी ट्रेन शाम 5 बजे चलेगी। बता दें कि सेवा शुरू होने के बाद एक दिन में मेट्रो ट्रेन सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन तक 17 ट्रिप लगाएगी। सभी स्टेशनों के बीच की दूरी मात्र 3 मिनट की होगी।

6.22 किलोमीटर के कॉरिडोर में 8 स्टेशन

भोपाल में दो मेट्रो प्रोजेक्ट चल रहे हैं, जिसमें एक है ऑरेंज लाइन और दूसरा है ब्लू लाइन। बता दें कि ऑरेंज लाइन प्रोजेक्ट करोंद से एम्स के बीच 16.74 किलोमीटर का है और ब्लू लाइन 14.6 किलोमीटर भदभदा से रत्नागिरी तक का है। इस बीच ऑरेंज लाइन प्रोजेक्ट का सुभाष नगर से एम्स के बीच 6.22 किलोमीटर का हिस्सा आम जनता के लिए 21 दिसंबर से शुरू हो जाएगा। इस हिस्से में कुल 8 स्टेशन हैं। सुभाष नगर से होते हुए मेट्रो केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अलकापुरी होते हुए एम्स तक जाएगी।

क्या तय किया गया है मेट्रो का किराया?

जहां दिल्ली, मुंबई और अन्य मेट्रो सिटी में न्यूनतम किराया 10, 11 और 15 रुपये से शुरू हो रहा है, वहीं भोपाल मेट्रो का न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 40 रुपये तय किया गया है। किराये को 3 जोन यानी 20 रुपये, 30 रुपये और 40 रुपये में बांटा गया है। इसके अनुसार, दो स्टेशनों का किराया 20 रुपये, तीन से 5 स्टेशनों का किराया 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशनों का किराया 40 रुपये तय किया गया है। साथ ही बता दें कि किराये में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं दी गई है।

मेट्रो में कितने लोगों के बैठ सकते हैं?

जानकारी के अनुसार, भोपाल मेट्रो में तीन कोच की होगी, जिसकी यात्री क्षमता 980 यात्रियों की है। एक कोच में करीब 330 यात्री सफर कर सकते हैं। एक कोच में लगभग 50 यात्री बैठ सकते हैं और 280 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article