शहर

'अकाल तख्त साहिब सर्वोपरि, जो भी आदेश मिलेगा मंजूर होगा', मान का ऐलान- समन के बाद कल अमृतसर पहुंचेंगे AAP के सभी मंत्री और विधायक

अकाल तख्त साहिब की ओर से तलब किए जाने के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है। 29 जून को 'आप' के सभी मंत्री और विधायक अकाल तख्त साहिब के सामने पेश होंगे।

Image

सीएम भगवंत मान ने किया ऐलान

Photo : ANI

पंजाब की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। सीएम मान ने कहा है कि 29 जून (सोमवार) को पंजाब सरकार के सभी मंत्री और आम आदमी पार्टी के सभी विधायक अमृतसर स्थित सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था 'श्री अकाल तख्त साहिब' के समक्ष पेश होंगे।

दरअसल, श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से 'आप' के मंत्रियों और विधायकों को कुछ वैचारिक मुद्दों पर अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया गया था, जिसके बाद पार्टी ने यह सामूहिक फैसला लिया है।

अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता सबसे महान: सीएम मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का पूरा आदर करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से हमारे विधायकों और मंत्रियों को कुछ विचारों के लिए, अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। हमारे सभी विधायक और मंत्री तय समय पर वहां जाएंगे। हम अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता को सबसे महान मानते हैं। मुझे भी जब पूर्व में बुलाया गया था, तो मैं राष्ट्रपति जी का कार्यक्रम छोड़कर अकाल तख्त साहिब पर नतमस्तक हुआ था। सीएम मान ने आगे बताया कि जो भी निर्देश या फैसला अकाल तख्त साहिब की तरफ से आएगा, उसे पूरी श्रद्धा, मर्यादा और सम्मान के साथ स्वीकार किया जाएगा।

लिखित में दिया जाएगा स्पष्टीकरण, स्पीकर भी रहेंगे साथ

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अकाल तख्त साहिब की तरफ से कुछ मंत्रियों से विशिष्ट विषयों पर लिखित में स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। ऐसे में सभी संबंधित मंत्री निर्धारित प्रारूप में अपना जवाब लिखित रूप में सौंपेंगे। पंजाब के सभी 'आप' विधायक, कैबिनेट मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) कुलतार सिंह संधवां सोमवार को मौजूद रहेंगे। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्हें व्यक्तिगत रूप से अकाल तख्त साहिब द्वारा तलब नहीं किया गया है। चूंकि यह बुलावा पार्टी के अन्य मंत्रियों और विधायकों के लिए है, इसलिए वे सभी वहां जाकर सरकार और पार्टी का पक्ष पूरी मजबूती व विनम्रता से रखेंगे

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!