Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में आज यानी बुधवार 22 अप्रैल को एक बहुत की दर्दनाक हादसा हो गया। भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खैरपुर कदवा गांव में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Septic Tank Accident में मृतकों की पहचान बमबम मंडल, जय नंदन मंडल और श्रीलाल मंडल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले श्रीलाल मंडल सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए उतरे थे। कुछ ही देर में अंदर जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी।
एक के बाद एक तीनों हुए बेहोश
श्रीलाल को बचाने के लिए जय नंदन मंडल टैंक में उतरे, लेकिन वे भी बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद बमबम मंडल नीचे गए, लेकिन वे भी बाहर नहीं निकल पाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक चौथे व्यक्ति को रस्सी के सहारे नीचे उतारने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद यह प्रयास रोक दिया गया।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना सहित आसपास के तीन थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ओम प्रकाश और डीसीएलआर भी घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच शुरू की गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
