उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के मानकमऊ इलाके में उस समय एक अलग ही नजारा देखने को मिला। जब भीषण ट्रैफिक जाम के बीच सांसद इमरान मसूद (Imran masood) खुद सड़क पर उतरकर यातायात (Traffic) संभालते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, इलाके में लंबे समय से जाम की स्थिति बनी हुई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान सांसद इमरान मसूद का काफिला भी उसी जाम में फंस गया। बस फिर क्या था, उन्होंने इंतजार करने के बजाय खुद पहल करने का फैसला किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
सांसद मसूद अपनी कार से उतरे और बिना किसी देरी के ट्रैफिक मैनेज करने में जुट गए। उन्होंने सड़क पर खड़े होकर वाहनों को व्यवस्थित किया और धीरे-धीरे जाम खुलवाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।ये भी पढ़ें - बंगाल के नाम का इतिहास क्या है, यह नाम कहां से आया?
स्थानीय लोगों ने की सांसद की जमकर तारीफ
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सांसद इमरान मसूद आम नागरिकों की तरह सड़क पर उतरकर लोगों को रास्ता दिखा रहे हैं और ट्रैफिक को सुचारू बनाने में जुटे हुए हैं।
इस पहल के बाद स्थानीय लोगों ने सांसद के इस कदम की खूब तारीफ की है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का इस तरह मौके पर उतरकर समस्या का समाधान करना एक सकारात्मक संदेश देता है।
बता दें कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपने बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। उनका 'बोटी बोटी कर देंगे' बयान काफी चर्चा में रहा था, जिस पर बाद में उन्होंने सफाई भी दी। वह केंद्र पर मुसलमानों को टार्गेट करने का भी आरोप लगाते रहे हैं।
