शहर

Bareilly News: प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत! प्यार के रास्ते में परिवार बना दीवार, प्रेमी जोड़े ने दी जान

बरेली में शादी के लिए परिवार के विरोध से आहत एक प्रेमी जोड़े ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दोनों खेत में बेहोश मिले। बताया जा रहा है कि युवती की मौके पर और युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

सांकेतिक फोटो

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को शादी के लिए परिवार के विरोध करने पर एक युवा जोड़े ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके रिश्ते के लिए परिजन तैयार नहीं थे। जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते थे।

खेत में मिले बेहोश प्रेमी युगल

पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि दोपहर करीब 3:34 बजे सूचना मिली कि मकरंदपुर गांव के एक खेत में दो लोगों ने जहर खा लिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आटा मांडा गांव की मेधा (19) और मकरंदपुर निवासी रिंकू (20) बेहोश पड़े थे। मेधा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि रिंकू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसे रेफर किया गया, लेकिन शनिवार शाम इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

युवक के भाई ने लगाया मारपीट का आरोप

रिंकू के भाई बंटी ने आरोप लगाया कि युवती के परिवार ने रिश्ते पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने मारपीट की थी और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच में प्रेम संबंध का पहलू सामने आया है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article