साउथ दिल्ली में बारापुला नाले के ऊपर बने बाबा बंदा सिंह बहादुर सेतु पिछले कई वर्षों से दिल्ली वालों के लिए लाइफलाइन बना हुआ है। खासतौर पर अगर साउथ दिल्ली में में कहीं भी जाना हो तो इस पुल का इस्तेमाल तेजी से पहुंचने के लिए किया जाता है। अब लोगों को बड़ी ही बेसब्री से बारापुला फेज-3 का काम पूरा होने का इंतजार है। क्योंकि यह हिस्सा पूर्वी दिल्ली को सीधे साउथ दिल्ली से जोड़ता है। चलिए जानते हैं कहां तक पहुंचा बारापुला फेज-3 का काम।
बारापुला फ्लाइओवर जिसका बाद में नाम बदलकर बाबा बंदा सिंह बहादुर सेतु नाम रख दिया गया। पिछले कई वर्षों से साउथ दिल्ली की बहुत ही व्यस्त रिंग रोड के ट्रैफिक जाम से बचने का बहुत ही अच्छा माध्यम साबित होता रहा है। इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल करके आप आश्रम, लाजपत नगर, गढ़ी, साउथ एक्स जैसे इलाकों के ट्रैफिक से बच जाते हैं। फिलहाल यह फ्लाईओवर साउथ दिल्ली में सराय काले खां से INA को जोड़ता है। पूर्वी दिल्ली को जोड़ने के लिए इसका एक्सटेंशन बनाया जा रहा है, जिसे बारापुला फेज-3 कहा जा रहा है।
पेड़ हटाने की नहीं मिली थी अनुमति

यहां बचा है सबसे ज्यादा काम, जल्द हो जाएगा पूरा
बारापुला का फेज-3 एक्सपेंशन मात्र 3.5 किमी लंबा है, जिस पर कई वर्षों से काम चल रहा है। लेकिन पेड़ हटाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण काम अटका हुआ था। इस साढ़े तीन किलोमीटर के हिस्से में भी ज्यादातर काम तो पहले ही पूरा हो चुका है। अब अनुमति मिल चुकी है तो उम्मीद की जा रही है कि इसका काम जल्द पूरा हो जाएगा। वैसे फिलहाल मयूर विहार से सराय काले खां की ओर इसका काम तेजी से चल रहा है।
जून 2026 है काम पूरा करने की अगली डेडलाइन
इस 3.5 किमी के एक्सपेंशन का काम पूरा करने की अगली डेडलाइन जून 2026 की रखी गई है। हालांकि, काम तेजी से चल रहा है, फिर भी अब इस डेडलाइन में करीब 3 महीने का समय ही बचा है, इसलिए जून तक काम पूरा होने की उम्मीद कम ही है। लेकिन ये जरूर कहा जा सकता है कि जिस तेजी से काम चल रहा है, इसका निर्माण कार्य इस साल दीपावली से पहले पूरा हो जाएगा। इसके बाद ट्रायल और ट्रायल में सफल रहने पर इसे आम जनता के लिए खोला भी जा सकता है।
यहां वीडियो में देखें लेटेस्ट अपडेट
20 मिनट में मयूर विहार से INA
इस हिस्से के खुल जाने से पूर्वी दिल्ली से INA तक का सफर बिना किसी रुकावट और रेड लाइट के आसानी से पार हो जाएगा। पूर्वी दिल्ली में मयूर विहार से बारापुला फ्लाईओवर का इस्तेमाल करके INA तक फर्राटा मारते हुए 15-20 मिनट में पहुंच सकते हैं। इस रास्ते का इस्तेमाल करके आसानी से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, लोदी कॉलोनी और हुमायूं का मकबरा आदि पहुंचा जा सकता है।
इन यमुना पुलों पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम
बारापुला फ्लाईओवर के इस 3.5 किमी के हिस्से के खुल जाने के बाद पूर्वी दिल्ली और नोएडा के लोगों की निजामुद्दीन यमुना ब्रिज, डीएनडी और कालिंदी कुंज यमुना ब्रिज पर से निर्भरता कम हो जाएगी और इन तीनों ही यमुना पुलों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम हो जाएगा। बता दें कि बारापुला फ्लाईओवर के इस हिस्से के खुलने के बाद आप इस पर साइकिल से और पैदल भी घूमने निकल सकते हैं। क्योंकि इस पर साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और नॉन मोटराइज्ड वहिकल लेन भी बनाई जा रही है।
सभी तस्वीरें और वीडियो इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के X हैंडल @DetoxTravellerr से ली गई हैं। ताजा अपडेट उनके youtube video के अनुसार हैं, जो खबर में एम्बेड है।
