Etawah Road Accident: इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें बाराबंकी में तैनात पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, ऊसराहार क्षेत्र में उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनका गनर गंभीर रूप से घायल है, उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Uttarkashi: बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे 136 ट्रैकर-पर्वतारोही, 5 का हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू
लखनऊ से आगरा जा रही थी कार
पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी सीओ नरेंद्र सिंह मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के निवासी थे। रविवार शाम को वे कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। उनके साथ सिपाही गनर योगेंद्र सिंह भी गाड़ी में मौजूद था। पुलिस के अनुसार जब कार ऊसराहार क्षेत्र में खरगुआ के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्रक में उसकी जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयकंर थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सीओ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Ujjain News: उज्जैन की शाही मस्जिद टूटेगी या बचेगी? हाईकोर्ट में आज सुनवाई, बढ़ाई गई सुरक्षा
बाराबंकी के एसपी ने की मौत की पुष्टि
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्पित विजयवर्गीय ने सीओ की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि नरेंद्र सिंह करीब छह माह पहले बागपत में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। उन्हें प्रांतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के बाद क्षेत्राधिकारी बनाया गया था। सिंह बाराबंकी में तैनाती के बाद कार्यालय का काम देख रहे थे। एसपी ने बताया कि हादसे में घायल हुए सिपाही का उपचार किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
