मार्च का महीना अपने अंतिम चरण में है। 31 मार्च को सिर्फ मार्च महीने का अंतिम दिन नहीं, बल्कि वित्त वर्ष 2025-26 का भी अंतिम दिन होगा। वित्तीय वर्ष के अंत से पहले अंतिम कुछ दिनों में बैंक कई दिन तक बंद रहेंगे। हालांकि, सभी शहरों में एक साथ बैंक बंद नहीं रहेंगे, बल्कि कुछ शहरों में किसी एक दिन तो कुछ शहरों में किसी अन्य दिन बैंक बंद रहेंगे। चलिए जानते हैं इस दौरान किन-किन शहरों में किस अवसर पर बैंक बंद रहेंगे।
जैसा कि हमने ऊपर बताया देश के कई शहरों में इस हफ्ते हफ्ते 4 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, अच्छी बात ये है कि बैंक लगातार चार दिन बंद नहीं रहेंगे, बल्कि बीच-बीच में कुछ दिन रहेंगे, जब आप बैंकिंग से संबंधित अपने काम कर पाएंगे। आगामी गुरुवार 26 मार्च से रविवार 29 मार्च तक अलग-अलग धार्मिक और स्थानीय त्योहारों के चलते बैंकों में छुट्टी रहेगी।
हालांकि, राहत की खबर ये भी है कि मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रोक-टोक के चालू रहेंगी। चलिए अब जानते हैं, किस दिन किस-किस शहर में बैंक बंद रहेंगे।
26 मार्च को इन शहरों में बंद रहेंगे बैंक
गुरुवार 26 मार्च को मुंबई, कानपुर, लखनऊ, जयपुर, देहरादून, चंडीगढ़, कोलकाता, अहमदाबाद, शिमला, रांची, नागपुर, आइजॉल और बेलापुर में राम नवमी के अवसर पर बैंकों में छुट्टी रहेगी। इस दिन इन शहरों में आप बैंक में जाकर अपने काम नहीं करवा पाएंगे। इन शहरों में शुक्रवार 27 मार्च को बैंक खुलेंगे और फिर 28-29 मार्च को बैंकों की छुट्टी रहेगी।
27 मार्च को यहां बंद रहेंगे बैंक
शुक्रवार 27 मार्च को श्री राम नवमी के अवसर पर भोपाल, पटना, हैदराबाद, भुवनेश्वर, गंगटोक और विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे। इन शहरों में लगातार तीन दिन तक बैंक बंद रहेंगे, क्योंकि 28 मार्च को महीने का चौथा शनिवार है और 29 मार्च को रविवार की छुट्टी।
28-29 मार्च को बैंक हॉलीडे
28 मार्च को महीने का चौथा शनिवार है और RBI के नियमों के तहत सभी सरकारी और प्राइवेट बैंकों में 28 मार्च को छुट्टी रहेगी। इसी तरह 29 मार्च को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक ब्रांच बंद रहेंगे।
