Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 7 घंटे के भीतर 12 साल की नाबालिग को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाने वाला आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए उन पर गोलियां चलाई, लेकिन बचाव करते हुए पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार किया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
बलिया में 12 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह मामला उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ उसी गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की दुष्कर्म संबंधी धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान सबलू राजभर (25) के रूप में की। अधिकारी ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर बच्ची को बहलाकर एक मकान में ले गया और वहां जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
7 घंटे में में पुलिस ने दुष्कर्म करने वाले आरोपी गिरफ्तार किया
रसड़ा क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आलोक गुप्ता ने बताया कि उभांव पुलिस टीम गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास जांच कर रही थी, इस दौरान एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। संदिग्ध की पहचान सबलू राजभर के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया जिसके पास से देसी तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि घायल राजभर का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बता दें कि पुलिस की टीम ने मामला दर्ज करने के 7 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
(इनपुट - भाषा)
