Odisha News: ओडिशा के बालासोर जिले से एक बहुत ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला की हत्या कर दी गई और इंसाफ के लिए परिवार को शव साइकिल पर रखकर 15 किमी की यात्रा करने को मजबूर होना पड़ा। शव को 15 किमी तक साइकिल पर ले जाकर परिजनों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
यह दर्दनाक घटना बालासोर जिले के खैरा थाना क्षेत्र स्थिति हरिपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक रविवार 10 मई को जमीन की सीमा को लेकर दो परिवारों में विवाद हुआ। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसियों ने फावड़े और बेलचे से महिला पर हमला कर दिया।
महिला की मौत, भाभी गंभीर रूप से घायल
पड़ोसियों के इस हमले में 39 साल की कमला सेठी की मौत हो गई। यही नहीं कमला सेठी की भाभी शकुंतला सेठी इस दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए कटक के एसबीसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
तीन दिन बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए
परिजनों का आरोप है कि इस घटना (Balasore murder case) को तीन दिन हो गए हैं और इसके बावजूद भी पुलिस मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं पायी है। इसके विरोध में परिवार और गांव वालों ने कमला सेठी के शव को साइकिल पर रखा और खैरा पुलिस थाने तक मार्च निकाला।
पुलिस ने एंबुलेंस की व्यवस्था की
प्रदर्शनकारियों ने कमला सेठी के शव को थाने के सामने सड़क पर रख दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने इस दौरान शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की, लेकिन परिवार ने एंबुलेंस लेने से इनकार कर दिया और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप
शिकायत के अनुसार जिस वाद-विवाद में महिला पर जानलेवा हमला किया गया, उसकी शुरुआत सुरेंद्र सेठी के घर निर्माण कार्य के दौरान हुई। उनके पड़ोसी भरत जेना और उसके परिवार ने जमीन अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए निर्माण पर आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों परिवारों में विवाद बढ़ गया और भरत जेना, उसकी पत्नी भारती, बेटा मानस और परिवार के अन्य सदस्यों ने कथित तौर पर महिला पर हमला कर दिया।
पड़ोसियों के इस हमले में सुरेंद्र सेठी, उनकी पत्नी शकुंतला, बेटी तुलसी और बहन कमला गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में कमला सेठी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और भारती जेना को हिरासत में भी ले लिया। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
