Budaun News: बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित HPCL पावर प्लांट में गुरुवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक हमलावर ने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने प्लांट के अंदर घुसकर जनरल मैनेजर (GM) और डिप्टी मैनेजर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भगदड़ और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
दिनदहाड़े वारदात से दहला सैंजनी
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दोपहर के समय जब मीटिंग चल रही थी उस दौरान हथियारबंद आरोपी प्लांट के अंदर घुसा और जनरल मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। आरोपी ने सीधे सीने पर गोली मारी, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। आनन-फानन में घायल सुधीर गुप्ता और हर्षित को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बहने और सीने में घातक चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई। आरोपी की पहचान अजय प्रताप के तौर पर हुई है, जिसको कुछ दिनों पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। अजय HPCL में वेंडर का काम करता था और नौकरी से निकाले दाने से आहत था।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, जांच तेज
दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्लांट का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं। SSP ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मीटिंग के दौरान आरोपी ने दोनों अधिकारियों पर गोलीबारी कर दी। आरोपी की पहचान अजय प्रताप के तौर पर हुई है, जिसको कुछ दिनों पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। अजय HPCL में वेंडर का काम करता था और नौकरी से निकाले जाने से आहत था।
