शहर

Noida में हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदा B-Tech स्टूडेंट; एक वीडियो ने ले ली जान; क्या था माजरा

नोएडा के नॉलेज पार्क-3 स्थित एक हॉस्टल में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र उदित सोनी ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। आरोप है कि दोस्त के साथ शराब पीने के एक वीडियो मिलने पर पिता ने बेटे को डांट लगाई थी, जिससे क्षुब्ध होकर जान दे दी।

Image

(प्रतिकात्मक फोटो-Istock)

नोएडा : जिले में नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में रहने वाले बी-टेक द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने शुक्रवार देर रात चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। अपर पुलिस उपयुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 में स्थित एक छात्रावास में बी-टेक द्वितीय वर्ष का छात्र उदित सोनी रहता था जो मूल रूप से झांसी का रहने वाला था।

पिता की डांट के बाद उठाया खौफनाक कदम

कुमार ने बताया कि वह अपने मित्रों के साथ शराब पीकर देर रात छात्रावास में आया था जिसके कारण छात्रावास प्रबंधन ने उसे फटकार लगाई और उसका वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेज दिया। वीडियो मिलने पर विजय ने अपने बेटे को डांटा और इस घटना से क्षुब्ध होकर उदित छात्रावास की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया।

घटना के बाद छात्रों ने किया जमकर हंगामा

कुमार ने बताया कि छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। कुमार ने बताया कि इस घटना के बाद छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। मृतक छात्र के परिजन को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रकरण के संबंध में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। उच्चाधिकारीगणों द्वारा छात्रों से बात की गई।

माना जा रहा है कि पिता ने बेटे को गलत संगत में बिगड़ने की बात कहते हुए उसे अपने करियर में फोकस करने लिए कहा था। इस दौरान पित ने तेज आवाज में डांट फटकार लगाई, जिससे वह काफी परेशान हो गया और उसके बाद बिना सोचे समझे खौफनाक कदम उठा लिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article