Aban : दिवंगत माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के शव को आज प्रयागराज में उसके गांव हटवा में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। अबान का शव उसके गांव पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि जुमे की नमाज के बाद गांव के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसे दफनाया जाएगा। अबान के जनाजे में भारी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन मुस्तैद है। स्थानीय प्रशासन ने गांव से लेकर कब्रिस्तान तक सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी की है।अतीक के बड़े बेटे उमर और छोटे बेटे अली ने आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए हाई कोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल की है। उनकी अर्जी पर आज दोपहर 12:00 बजे सुनवाई हो सकती है। मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में बंद है जबकि अली अहमद झांसी जेल में बंद है। आबान का अंतिम संस्कार कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शाम 4:00 से 5:00 बजे होने की उम्मीद है।
झांसी के पास गुरुवार को हुई दुर्घटना
बता दें कि माफिया एवं पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की बृहस्पतिवार को झांसी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गयी। इस घटना में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है। सड़क दुर्घटना का शिकार हुए अतीक अहमद के बेटे अबान एवं उसके एक साथी के शव सहित अन्य तीन घायलों को लेकर देर रात परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। यहां जनपद झांसी में आज सुबह हुई इस सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर अतीक के पुत्र अजहम सहित अन्य घायलों के परिजन देर शाम प्रयागराज से झांसी पहुंचे। इसके बाद डॉक्टरों के पैनल द्वारा की गई पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बीच परिजनों द्वारा दुर्घटना में घायल तीनों युवकों सहित दोनों मृतक के शव प्रयागराज ले जाने की इच्छा जाहिर की गई थी।
जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था अबान
परिजनों के अनुसार घायलों का इलाज वे प्रयागराज में ही कराना चाहते हैं। बृहस्पतिवार देर रात यहां पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौजूद क्षेत्राधिकारी (नगर) रामवीर सिंह ने बताया कि प्रयागराज से आए तीनों घायलों के परिजन बेहतर इलाज के उद्देश्य से रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें एंबुलेंस से लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि करीब पौने बारह बजे अतीक के बेटे अबान और उसके साथी सोनू के शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजन प्रयागराज ले गए। अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अरविंद कुमार ने बताया कि पूर्व सांसद अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था, तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से गुजर रही उसकी एसयूवी कार बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को सुबह साढ़े 10 बजे मिली। उन्होंने कहा कि इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई।
कार बेकाबू होकर डिवाइटर से टकराई
मूर्ति ने बताया कि हादसे में घायल कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मूर्ति ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार की गति बहुत तेज थी। उन्होंने कहा, 'घायल यात्रियों में से एक ने हमें बताया कि गाड़ी बहुत तेज गति से गुजर रही थी और डिवाइडर से टकराने से पहले बेकाबू हो गई थी।’अधिकारियों ने कहा कि अबान अहमद और सोनू के शवों को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया। दुर्घटनाग्रस्त हुई कार में सवार रहे अबान के घायल दोस्त मोहम्मद उमर ने संवाददाताओं को बताया कि वे अबान के भाई से मिलने झांसी जेल जा रहे थे तभी कार बेकाबू हो गई और यह हादसा हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी।
अतीक का सबसे छोटा बेटा था अबान
सूत्रों के मुताबिक, अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था। पांच भाइयों में से उमर और अली अभी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं। अतीक अहमद का एक और बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। वह वर्ष 2005 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की हत्या के मामले में वांछित था। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को पत्रकार बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय पुलिस दोनों को मेडिकल जांच के लिए प्रयागराज के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जा रही थी।
