शहर

'जय श्री राम' पर चुप्पी और 'अस्सलामु अलैकुम' पर तुरंत जवाब, iPhone के 'Siri' फीचर पर बवाल; उज्जैन से उठी बहिष्कार की मांग

ज्योतिषाचार्य पंडित पवन पाठक ने एप्पल कंपनी की तकनीक पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा मानसिकता का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि भारत में आईफोन के करोड़ों उपभोक्ता हैं और यह कंपनी के लिए एक बहुत बड़ा बाजार है, लेकिन इसके बावजूद सिरी में हिंदू धर्म की आस्था का सम्मान नहीं किया जा रहा है।

Image

आईफोन के 'सिरी' फीचर पर बजरंगदल का कड़ा विरोध

उज्जैन दुनिया की दिग्गज तकनीकी कंपनी एप्पल का वॉइस असिस्टेंट 'सिरी' (Siri) इस समय उज्जैन के संतों, विद्वानों और हिंदूवादी संगठनों के निशाने पर आ गया है। उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित पवन पाठक ने आईफोन के इस फीचर पर धार्मिक पक्षपात और भेदभाव का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस मामले में अब विश्व हिंदू परिषद और जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर भी कूद पड़े हैं, जिससे विवाद लगातार गरमाता जा रहा है।

धार्मिक आस्था के अपमान और पक्षपात का आरोप

ज्योतिषाचार्य पंडित पवन पाठक ने एप्पल कंपनी की तकनीक पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा मानसिकता का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि भारत में आईफोन के करोड़ों उपभोक्ता हैं और यह कंपनी के लिए एक बहुत बड़ा बाजार है, लेकिन इसके बावजूद सिरी में हिंदू धर्म की आस्था का सम्मान नहीं किया जा रहा है। पंडित पाठक ने दावा किया कि जब सिरी के सामने 'जय श्री राम' या 'जय माता दी' जैसे पवित्र उद्घोष किए जाते हैं, तो वह कोई सटीक जवाब नहीं देती या पूरी तरह शांत रहती है। इसके विपरीत, दूसरे धर्म के पारंपरिक अभिवादनों जैसे 'अस्सलामु अलैकुम' पर सिरी तुरंत और स्पष्ट प्रतिक्रिया देती है। उन्होंने इस तकनीकी विसंगति को खुद 10 से 15 आईफोन में जांचने के बाद यह बड़ा दावा किया है। उन्होंने कंपनी को अपनी डेटा फीडिंग में सुधार करने की चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सुधार नहीं हुआ, तो उपभोक्ताओं को आईफोन का पूरी तरह से बहिष्कार करना चाहिए।

जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और आम जनता में भी भारी आक्रोश

इस पूरे विवाद में अब जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरी महाराज ने भी प्रबुद्ध समाज की ओर से अपना महत्वपूर्ण सुझाव और समर्थन दिया है। वहीं दूसरी ओर, इस तकनीकी भेदभाव की खबर फैलते ही आम लोगों में भी खासा आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और आईफोन यूजर्स ने कंपनी से इस मामले में जल्द से जल्द सुधार करने की मांग की है, और ऐसा न होने पर आईफोन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की बात कही है।

विश्व हिंदू परिषद ने की आईफोन स्टोर्स बंद करने की मांग

मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्व हिंदू परिषद जिला उज्जैन ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। विहिप ने इस विषय में मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन ने पुरजोर मांग उठाई है कि जब तक कंपनी इस तकनीकी खामी को दूर नहीं करती, तब तक प्रदेश में संचालित हो रहे आईफोन के सभी स्टोर्स को जल्द से जल्द बंद कराया जाना चाहिए। धार्मिक नगरी उज्जैन से उठी विरोध की यह चिंगारी अब एक बड़े आंदोलन का रूप लेती नजर आ रही है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article