Famous Things of West Bengal: पश्चिम बंगाल इन दिनों विधानसभा चुनाव से जुड़ी तैयारियों का खुमार है। विभिन्न पार्टियां उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी हैं और नए चेहरों को मैदान में उतार रही हैं। इसी के साथ, चुनाव आयोग ने भी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 (West Bengal Assembly Election 2026) के लिए पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। वोटिंग की बात करें तो पहले फेज की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे फेज की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। दोनों फेज की वोटिंग के बाद 4 मई को मतों की गिनती की जाएगी और उसी दिन रिजल्ट जारी किया जाएगा। इस बार भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होने की काफी उम्मीद है। लेकिन राजनीति के अलावा बंगाल और भी बहुत सी दिलचस्प चीजों के लिए जाना जाता है। गौरतलब है कि बंगाल की धरती को “भारत की सांस्कृतिक राजधानी” भी कहा जाता है। संगीत, कला और साहित्य से सजा यह राज्य देश-विदेश में बेहद मशहूर है और आज हम आपको इसी के बारे में बताएंगे।
पश्चिम बंगाल की फेमस चीजें
पश्चिम बंगाल भारत का एक ऐसा राज्य है जो संस्कृति, साहित्य, खान-पान, प्रकृति और त्योहारों के लिए खास पहचान रखता है। पश्चिम बंगाल का इतिहास प्राचीन काल से ही अत्यंत गौरवशाली और समृद्ध रहा है। ऐसा कहा जाता है कि इसे वैदिक काल में 'वंग' कहा जाता था। पाल और सेन वंशों के शासन के बाद, यह क्षेत्र मुगलों और फिर ब्रिटिश शासन के अधीन आया, जो 1757 के प्लासी के युद्ध (Battle of Plassey) से शुरू हुआ। यह 19वीं सदी में भारतीय पुनर्जागरण और स्वतंत्रता संग्राम का मुख्य केंद्र बना। विभाजन के बाद, बंगाल का पश्चिमी हिस्सा भारत का राज्य बना। आज सालों बाद भी यहां के कण-कण में इतिहास की छवि देखने को मिलती है। ऐसे में आइए जानें बंगाल की फेम चीजों के बारे में-

पश्चिम बंगाल की संस्कृति, साहित्य और त्यौहार
संस्कृति और साहित्य
पश्चिम बंगाल भारत के सबसे समृद्ध सांस्कृतिक और साहित्यिक केंद्रों में माना जाता है। यहां की पहचान रचनात्मक सोच, कला, संगीत, नाटक और बौद्धिक परंपरा से जुड़ी हुई है। यहां के लोकनृत्य और लोकगीत समाज की भावनाओं और इतिहास को दर्शाते हैं। यहां की राजधानी कोलकाता को लंबे समय से भारत की सांस्कृतिक राजधानी कहा जाता है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद का भी जन्म यहीं हुआ इस धरती ने भारत को कई महान साहित्यकार दिए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख नाम रवींद्रनाथ टैगोर का है, जिन्हें साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार मिला। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और शरत चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे लेखकों ने भारतीय साहित्य को नई दिशा दी। वहीं, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सत्यजीत रे ने विश्व सिनेमा में बंगाल की कला और कहानी कहने की शैली को पहचान दिलाई।
पश्चिम बंगाल के भव्य त्योहार
पश्चिम बंगाल अपने रंगीन, कलात्मक और उत्साह से भरे त्योहारों के लिए पूरे देश में फेमस है। दुर्गा पूजा राज्य का सबसे बड़ा और भव्य त्योहार माना जाता है। शानदार पंडाल, मां भगवती की आकर्षक मूर्तियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम इसकी पहचान हैं। वहीं, यहां पहेला बैशाख बंगाली नववर्ष के रूप में मनाया जाने वाला त्योहार नई शुरुआत और समृद्धि का प्रतीक है। इसी के साथ, काली पूजा दीपावली के समय मनाया जाने वाला वह पर्व है जो कि मां काली की आराधना को समर्पित होता है।
मिठाइयां और खान-पान
पश्चिम बंगाल का खान-पान अपने अनोखे स्वाद, पारंपरिक तरीकों और विविध व्यंजनों के कारण पूरे देश में खास पहचान रखता है। यहां भोजन में मछली और चावल का विशेष महत्व होता है, जिसे मसालों और सरसों के तेल के साथ पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। राज्य की मिठाइयां भी बेहद प्रसिद्ध हैं, खासकर रसगुल्ला, संदेश और मिष्टी दोई जिन्हें पारंपरिक अवसरों और त्योहारों पर बड़े चाव से खाया जाता है। इसके अलावा लुची-आलूर दम, शुक्तो और माछेर झोल जैसे व्यंजन बंगाली रसोई की समृद्ध परंपरा को दर्शाते हैं। स्वाद, सुगंध और सादगी का सुंदर मेल पश्चिम बंगाल के भोजन को देश-विदेश के लोगों के बीच लोकप्रिय बनाता है।

पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक इमारतें और सुंदरता
ऐतिहासिक इमारतें
पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक इमारतें राज्य के समृद्ध अतीत, औपनिवेशिक (Colonial) प्रभाव और स्थापत्य कला की भव्यता को दर्शाती हैं। राजधानी कोलकाता में स्थित विक्टोरिया मेमोरियल सफेद संगमरमर से बनी एक शानदार इमारत है, जो ब्रिटिश काल की याद दिलाती है, वहीं हावड़ा ब्रिज (रवींद्र सेतु) आधुनिक इंजीनियरिंग और ऐतिहासिक महत्व का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा मुर्शिदाबाद का हजारद्वारी महल नवाबों के दौर की भव्यता और अनोखी बनावट के लिए प्रसिद्ध है। ये सभी स्मारक न सिर्फ पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं, बल्कि पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी मजबूती से प्रस्तुत करते हैं।
प्राकृतिक सुंदरता
पश्चिम बंगाल अपनी अद्भुत भौगोलिक विविधता और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। राज्य के उत्तर में स्थित दार्जिलिंग की हरी-भरी पहाड़ियां, ठंडी जलवायु और विशाल चाय बागान लोगों को खास आकर्षित करते हैं। वहीं, सुंदरवन राष्ट्रीय उद्यान दुनिया का सबसे बड़ा मैंग्रोव वन क्षेत्र माना जाता है, जो दुर्लभ वन्यजीवों और रॉयल बंगाल टाइगर के लिए जाना जाता है। इसके अलावा शांत समुद्री तटों के लिए मशहूर दीघा और मंदारमणि प्रकृति प्रेमियों के पसंदीदा स्थल हैं। पहाड़, जंगल, नदियां और समुद्र का अनोखा संगम पश्चिम बंगाल की प्राकृतिक सुंदरता को बेहद खास और आकर्षक बनाता है।
