शहर

'राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी अक्षम्य'; केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल बोलीं- दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई

Ram Temple Donation theft Case: राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पटेल ने कहा कि यह प्रकरण बहुत गंभीर है। राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। हमारी पार्टी की मांग है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

Image

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल (तस्वीर-फेसबुक)

Ram Temple Donation theft Case: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इसमें शामिल लोगों को क्षमा नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। सुलतानपुर नगर स्थित पंडित रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यकर्ता समागम में शामिल होने पहुंचीं पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और वहां चोरी की घटना बेहद गंभीर मामला है।

राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े सवाल पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पटेल ने कहा कि यह प्रकरण बहुत गंभीर है। राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। हमारी पार्टी की मांग है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। मंदिर के साथ देश के करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे पावन स्थल पर चोरी की घटना पूरी तरह अक्षम्य है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों के मुद्दे पर पटेल ने सभी राजनीतिक दलों को मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हम सभी अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े हो सकते हैं,लेकिन हमारी लड़ाई वैचारिक होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला केवल विचारों के स्तर पर होना चाहिए। किसी का भी परिवार, बच्चा या बेटी हो, हम सब एक समाज और परिवार का हिस्सा हैं।

पटेल ने कहा कि देश या प्रदेश के किसी भी परिवार की बेटी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र या अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। इस घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज की हर बेटी हमारी अपनी बेटी है और उसे राजनीतिक खींचतान का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।

जातीय जनगणना के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि देश में जातीय जनगणना की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि 1931 के बाद पहली बार विभिन्न जातीय समुदायों की वास्तविक संख्या के आधिकारिक आंकड़े सरकार के पास उपलब्ध होंगे। इन आंकड़ों के आधार पर सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों के विकास के लिए नीतियां अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकेंगी।

वहीं, सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पटेल ने कहा कि यह कोई नया राजनीतिक प्रयोग नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी हो चुका है और जनता इसके परिणाम देख चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन एक बार फिर बुरी तरह पराजित होगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article