बीते दिनों भी पंजाब की अमृतसर में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की थी, जब टीम ने अवैध हथियार के गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस बार अमृतसर पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जिसका सीधा कनेक्शन पाकिस्तान में बैठे लोगों से था। इस ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के पास से 4.75 किलो हेरोइन, 1 किलो मेथाम्फेटामाइन और एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल भी बरामद की है।
पाकिस्तान से जुड़े हैं ड्रग्स गिरोह के तार
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये ड्रग्स पाकिस्तान से भारत में लाए जा रहे थे और इसे पंजाब में छोटे-छोटे ग्रुप्स के जरिए डिस्ट्रीब्यूटर की जा रहा था। बताया जा रहा है कि इन ग्रुप्स का संचालन करने के लिए सोशल मीडिया का प्रयोग किया जा रहा था। इन लोगों द्वारा सोशल मीडिया का इस्तेमाल सिर्फ चैटिंग या मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ड्रग्स का कारोबार करने के लिए भी किया जा रहा था।
ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भारत भेजे गए ड्रग्स
इससे पहले 28 दिसंबर को फाजिल्का में भी पंजाब पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने पांच किलो से ज्यादा हेरोइन के साथ एक ड्रग तस्कर को पकड़ लिया था। यह ऑपरेशन फाजिल्का राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर किया गया। जांच में पता चला कि हेरोइन पाकिस्तान स्थित तस्करों ने ड्रोन के जरिए भेजी थी और इसे आगे पूरे राज्य में फैलाया जाना था। पुलिस की समय पर कार्रवाई की वजह से यह खेप पकड़ी गई और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि यह गिरोह और कहां-कहां तक फैला हुआ है और इससे कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं ताकि पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके। पंजाब पुलिस का कहना है कि वह ड्रग्स तस्करी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्य को ड्रग्स से पूरी तरह से मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और पुलिस हर स्तर पर सतर्क है। आम लोगों से भी अपील है कि अगर किसी को किसी तरह की ड्रग्स या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें।
(इनपुट - आईएएनएस)
