Top 5 Best Shopping Markets In Delhi: फेस्टिव सीजन (Festive Season) में घर की सजावट, नए कपड़े, ज्वेलरी और गिफ्ट खरीदने के लिए दिल्ली के बाजारों (Best Shopping Markets In Delhi) में खूब रौनक रहती है। अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन पर कम बजट में अच्छी शॉपिंग करना चाहते हैं तो दिल्ली के मशहूर मार्केट विजिट कर सकते हैं। यहां पारंपरिक कपड़ों से लेकर ट्रेंडी फैशन, होम डेकोर और गिफ्ट आइटम तक कई तरह की चीजें कम दाम पर मिल जाती हैं-
चांदनी चौक मार्केट
पुरानी दिल्ली का चांदनी चौक (Chandni Chowk Market) फेस्टिव शॉपिंग के लिए काफी पसंद किया जाता है। यहां साड़ी, लहंगे, सूट, ज्वेलरी और शादी-पार्टी के कपड़ों की अच्छी-खासी वैरायटी मिलती है। इसके अलावा, किनारी बाजार में कपड़ों की लेस और सजावटी सामान खरीद सकते हैं।
सदर बाजार
दिवाली पर घर सजाने और अपनों को गिफ्ट देने के लिए सदर बाजार (Sadar Bazaar) भी अच्छा विकल्प है। यहां सजावटी सामान, दीये, मोमबत्तियां, लाइट्स, गिफ्ट पैकिंग और कई तरह के घरेलू सामान मिलते हैं। थोक में खरीदारी करने वालों के लिए भी यह बाजार एक अच्छा ऑप्शन है। हालांकि, खरीदारी के दौरान अलग-अलग दुकानों पर कीमतों की तुलना करना न भूलें।
सरोजिनी नगर मार्केट
अगर आप कम बजट में ट्रेंडी कपड़े और फैशन एक्सेसरीज खरीदना चाहते हैं तो सरोजिनी नगर मार्केट (Sarojini Nagar Market) जा सकते हैं। यहां टॉप, ड्रेस, जींस, बैग, फुटवियर और दूसरे फैशन आइटम के कई विकल्प मिलते हैं। इस बाजार में मोलभाव करना फायदेमंद हो सकता है। खरीदारी से पहले कपड़ों की क्वालिटी, सिलाई और फिटिंग जरूर जांच लें।
लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट
फेस्टिव वियर और पारंपरिक कपड़ों की खरीदारी के लिए लाजपत नगर मार्केट (Lajpat Nagar Central Market) भी एक अच्छा विकल्प है। यहां कुर्ती, सूट, दुपट्टे, ज्वेलरी, बैग और घर की सजावट का सामान मिल सकता है। अगर आप त्योहारों पर एथनिक लुक अपनाना चाहते हैं तो यहां अपने बजट और पसंद के मुताबिक कई विकल्प तलाश सकते हैं।
दिल्ली हाट, आईएनए
अगर आप सामान्य बाजारों से अलग हस्तशिल्प और पारंपरिक सामान खरीदना चाहते हैं, तो दिल्ली हाट (Dilli Haat INA) जा सकते हैं। यहां देश के अलग-अलग राज्यों के हस्तशिल्प, हाथ से बने सजावटी आइटम, मिट्टी के बर्तन, कपड़े और खास गिफ्ट मिलते हैं। दिवाली पर घर की सजावट या अपनों को कुछ अनोखा उपहार देने के लिए यह जगह अच्छी है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
फेस्टिव सीजन में बाजारों में काफी भीड़ रहती है, इसलिए इन मार्केट के लिए घर से सुबह जल्दी निकलना होगा। घर से निकलने से पहले अपना बजट तय करें और खरीदारी के दौरान कीमतों की तुलना करें। साथ ही, बाजार कब-कब बंद रहता है और आने-जाने की सुविधा की जानकारी पहले ही ले लें। इससे आप कम समय में बेहतर खरीदारी कर पाएंगे और त्योहार का बजट भी संभाल सकेंगे।
