Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के धूलकोट गांव (Dhulkot village accident) में एक बन रही तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हादसा इतना भयानक था कि जोर की आवाज के साथ चारों तरफ धूल का गुबार उठ गया और चीख-पुकार मच गई। इमारत का लेंटर गिरते ही वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में 4 लोगों की जान चली गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस (Ambala Police), फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने का काम युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। घायलों को इलाज के लिए तुरंत पास के जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मलबे के अंदर 15 से 20 लोग फंसे होने की आशंका
मामले की जानकारी देते हुए अंबाला सिटी के एसडीएम ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में से चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि पांच लोगों का इलाज चल रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि मलबे के अंदर 15 से 20 लोग फंसे हो सकते हैं, हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सही संख्या का पता चल सकेगा। अब तक कुल 12 लोगों की पहचान हो चुकी है।
हादसे के बाद इमारत का मालिक और ठेकेदार दोनों मौके से फरार
इस हादसे के बाद इमारत का मालिक और ठेकेदार दोनों मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू टीम लगातार मलबा साफ करने में जुटी हुई है।
