शहर

Video: अलवर में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस: रात के अंधेरे में पूरा का पूरा ATM उखाड़ ले गए चोर, CCTV भी उखाड़ ले गए

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर में शातिर बदमाशों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए आधी रात को एक प्राइवेट कंपनी का पूरा का पूरा एटीएम (ATM) ही उखाड़ डाला और उसे अपने साथ ले गए।

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस की गश्त और स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर आधी रात को करीब 12 बजे एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम (ATM) को ही उखाड़कर अपने साथ ले उड़े।

4 लाख से अधिक कैश पार

रामगढ़ के डिप्टी पिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वारदात आधी रात को करीब 12 बजे के आसपास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों के निशाने पर आए इस एटीएम में करीब 4 लाख रुपये से अधिक की नकदी (कैश) मौजूद थी, जिसे बदमाश मशीन के साथ ही समेट ले गए। सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम बूथ की हालत देखी, तब जाकर पुलिस को इस महालूट की भनक लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की।

सीसीटीवी और रिकॉर्डिंग सिस्टम भी चोरी

बदमाश कितने शातिर और पेशेवर थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे सिर्फ एटीएम मशीन ही नहीं उखाड़े, बल्कि अपनी पहचान छुपाने के लिए बूथ में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे और उसका मुख्य रिकॉर्डिंग सिस्टम (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। बदमाशों को पता था कि सीसीटीवी की मदद से पुलिस उन तक पहुंच सकती है, इसलिए उन्होंने सबूतों को मौके पर छोड़ा ही नहीं।

पहले से की गई थी रेकी

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस हाई-प्रोफाइल वारदात के पीछे किसी बड़े और संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है। जिस सफाई और तेजी से पूरी भारी-भरकम एटीएम मशीन को उखाड़कर वाहन में लादकर ले जाया गया, उससे यह साफ है कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक इलाके की बकायदा रेकी की थी और एक सोची-समझी योजना के तहत ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।

नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल, उद्योग नगर थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस की स्पेशल टीमें घटनास्थल के आसपास के मार्गों, हाईवे, प्रमुख चौराहों और टोल नाकों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश किस वाहन से आए थे और किस दिशा में भागे हैं। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों और पुराने अपराधियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। पुलिस के आला अधिकारियों का दावा है कि टीम को कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

अलवर से निर्मला कुमारी की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article