शहर

Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट पर शुरू होगी विमान मेंटेनेंस सेवा, अकासा एयर ने की बड़ी साझेदारी

अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल में विमान मरम्मत और रखरखाव (MRO) सुविधा स्थापित करने के लिए समझौता किया है। इसके साथ ही यह अकासा एयर की पहली एमआरओ यूनिट होगी। हाल ही में नोएडा एयरपोर्ट को एयरोड्रोम लाइसेंस भी मिला है। जिसके बाद एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं जल्द शुरू होने के लिए रास्ता साफ हो गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : ANI

Noida Airport: घरेलू एयरलाइन अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ एक बड़ा समझौता किया है। जिसके तहत एयरपोर्ट परिसर में विमान के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (MRO) की सुविधा स्थापित की जाएगी। इससे भारत की एविएशन क्षमता मजबूत होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

अकासा एयर की पहली MRO यूनिट जेवर में

कंपनी के बयान के अनुसार, इस समझौते के तहत एमआरओ सुविधा का संचालन अकासा एयर करेगी। यहां विमानों के रखरखाव और तकनीकी जांच से जुड़ी विभिन्न सेवाएं दी जाएंगी। इस सुविधा का उद्देश्य भारत की एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के प्रमुख एमआरओ केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस परियोजना से एयरलाइन कंपनियों को तकनीकी सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और इस क्षेत्र में युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के लिए बढ़ावा भी मिलेगा।

अकासा एयर ने अगस्त 2022 में अपनी उड़ान सेवाएं शुरू की थीं। जिसके बाद यह कंपनी के लिए पहली एमआरओ सुविधा होगी। इस साझेदारी के साथ कंपनी अब अपने तकनीकी ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। अकासा एयर के संस्थापक और सीईओ विनय दुबे ने कहा कि भारत में तेजी से बढ़ते एविएशन मार्केट को देखते हुए देश में मजबूत घरेलू एमआरओ सुविधाओं की बहुत जरूरी हैं। इससे एयरलाइंस को बेहतर और सुरक्षित तरीके से संचालन करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अकासा एयर इस सुविधा में निवेश करके अपने संचालन को मजबूत करने के साथ ही देश के एविएशन सेक्टर को आत्मनिर्भर बनाने में भी योगदान देना चाहती है।

6 मार्च को एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रोम लाइसेंस

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि यह साझेदारी भारत की MRO क्षमताओं को बढ़ाएंगी। साथ ही क्षेत्र में रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देगी। गौरतलब है कि हाल ही में 6 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरोड्रोम लाइसेंस जारी किया है। इसके बाद इस एयरपोर्ट से जल्द ही उड़ान सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article