वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब खत्म हो चुका है और खासतौर पर पश्चिमी भारत के राज्यों में प्रचंड गर्मी का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। पारा लगातार चढ़ रहा है और ऐसी गर्मी में अगर पानी भी न आए तो यह किसी प्रताड़ना से कम नहीं होगा। लेकिन अहमदाबाद (Ahmedabad) के लोगों को यह प्रताड़ना कुछ घंटे और दिन नहीं बल्कि 10 दिनों तक झेलनी पड़ेगी। कल यानी गुरुवार 7 मई से ही अहमदाबाद के कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित हो चुकी है। इसमें नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट और सेंट्रल अहमदाबाद के हिस्से शामिल हैं।
हालांकि, राहत की खबर ये है कि इन इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद नहीं होगी। बल्कि पानी की सप्लाई पर 10-15 फीसद तक असर पड़ेगा। प्रचंड गर्मी के इस दौर में जब पानी की मांग बढ़ जाती है, ऐसे समय में पानी की सप्लाई कम होना टॉर्चर से कम नहीं है। अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने घोषणा की है कि सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (SSNL) द्वारा मुख्य नर्मदा नहर के रिपेयर कार्य के चलते पानी में यह कटौती जरूरी है।
बता दें कि यहां के कोतारपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को पानी की आपूर्ति करने वाली नहर का रिपेयर कार्य चल रहा है। यह कार्य बहुत जरूरी है, ताकि नहर को सुरक्षित रखा जा सके और इससे जलापूर्ति नियमित तौर पर होती रहे। कोतारपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हर रोज 1100 मिलियन लीटर पानी (MLD) को ट्रीट किया जाता है। इसके बाद इस शुद्ध जल को 170 डिस्ट्रिब्यूशन स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है। इस कार्य के चलते कोतारपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचने वाले पानी में 50-60 MLD की कमी हो सकती है।
इन प्रमुख इलाकों में होगी पानी की किल्लत
- पलदी (Paldi)
- चंदखेड़ा (Chandkheda)
- साबरमती (Sabarmati)
- वडाज (Vadaj)
- नवरंगपुरा (Navrangpura)
- नारनपुरा (Naranpura)
- वसना (Vasna)
- मोटेरा (Motera)
पानी की इस कटौती के लिए अहमदाबाद की तैयारी कैसी?
अहमदाबाद नगर निगम में वाटर ऑपरेशन के डिप्टी सिटी इंजीनियर जगदीश असारी ने प्रमुख अंग्रेजी अखबर टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए बताया कि रिपेयर कार्य को देखते हुए वाटर लेवल को पहले ही एडजस्ट कर लिया गया है। कम हो रही जलापूर्ति के चलते रॉ वटर पंप को उनकी अधिकतम क्षमता से चलाया जा रहा है, इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में बोरवेल सप्लाई भी बढ़ाई गई है। इस तरह की व्यवस्था काफी जरूरी है, क्योंकि अहमदाबाद में पानी की जो 1700 MLD की जरूरत है, उसका एक बड़ा हिस्सा कोतारपुर प्लांट से ही आता है।
क्या करें अहमदाबाद के निवासी?
अहमदाबाद नगर निगम ने शहरवासियों से इस दौरान पानी बचाने के उपाय अपनाने को कहा है। क्योंकि पानी की सप्लाई में होने वाली किसी भी तरह की समस्या का शहरभर में असर पड़ता है। एक तरफ तापमान लगातार बढ़ रहा है और दूसरी तरफ इन 10 दिनों के दौरान पानी का प्रेशर काफी कम हो सकता है। विशेषतौर पर सुबह और शाम के समय प्रेशर कम होने से पानी की किल्लत ज्यादा हो सकती है।
हेल्पलाइन नंबर
अहमदाबाद में अगर आपको नगर निगम से जुड़ा कोई भी कार्य है, कोई शिकायत है तो उसके लिए नगर निगम ने AMC Helpline Number भी जारी किया है। मौजूदा जल संकट में भी आप इस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके समाधान खोज सकते हैं। अहमदाबाद नगर निगम का कॉल सेंटर नंबर 155303 है। इसके अलावा आप +91 75678 55303 पर आप व्हाट्सएप बॉट से भी मदद ले सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
