शहर

Rajasthan News: झालावाड़ में 2 साल की बच्ची पर कुत्तों का अटैक, मासूम की मौत

राजस्थान के झालावाड़ में आवारा कुत्तों के झुंड ने शुक्रवार सुबह टेंट के बाहर सो रही 2 साल की बच्ची पर हमला कर दिया। परिवार बच्ची को अस्पताल लेकर गया, लेकिन तब तक मासूम ने दम तोड़ दिया था।

Image

राजस्थान के झालावाड़ में आवारा कुत्तों ने 2 साल की मासूम को मार डाला (AI Image)

Rajasthan News: आवारा और पालतू कुत्तों के आम लोगों पर हमले की कई घटनाएं आपने पढ़ी, सुनी और स्वयं देखी भी होंगी। आवारा कुत्तों (Stray Dog) के लगातार हमलों के चलते मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच चुका है और कोर्ट ने नगर निकायों को इसका समाधान निकालने का आदेश दिया है। इसके बावजूद कुत्तों के हमले की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला आज यानी शुक्रवार सुबह राजस्थान के झालावाड़ में सामने आया। यहां कुत्तों ने 2 साल की मासूम पर हमला कर दिया, जिसमें मासूम की मौत हो गई।

यह दिल दहला देने वाली घटना आज सुबह 6 बजे झालावाड़ में भाटिया वर्कशॉप के पास बने अस्थायी टेंट के बाहर हुई। यहां आवारा कुत्तों ने अचानक दो साल की बच्ची पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में मासूम की जान चली गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्ची अपने पिता राजू लाल के साथ टेंट के बाहर सो रही थी। इसी दौरान सात-आठ आवारा कुत्ते अचानक वहां आ गए और बच्ची को उठाकर लगभग 50 मीटर दूर ले गए।

मासूम के पिता राजू लाल ने कुत्तों का पीछा किया और मौके पर पहुंच गए। जब तक पिता बच्ची के पास पहुंचे, तब तक कुत्ते उसे बुरी तरह से नोच चुके थे। उन्होंने किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाकर अपनी बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। बच्ची को एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि राजू लाल मूल रूप से बारह जिले में भंवरगढ़ के निवासी हैं। वह करीब डेढ़ महीने पहले काम की तलाश में झालावाड़ आए थे। वह यहां भाटिया वर्कशॉप के बाहर टेंट लगाकर रह रहे थे और शादी-ब्याह में ढोल बजाकर अपने परिवार ला पालन-पोषण करते हैं।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां दर्जनों कुत्ते झुंड बनाकर घूमते रहते हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। छोटे बच्चों को अकेले बाहर भेजने में भी डर लगता है। कुत्तों के आतंक के चलते बच्चों का बाहर खेलना भी दूभर हो गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article