शहर

Ahmedabad: NEET की तैयारी कर रहे 17 साल के छात्र ने छठी मंजिल से कूदकर की खुदकुशी, बालकनी की जाली काटकर लगाई छलांग

Ahmedabad News: अहमदाबाद के न्यू रानीप में नीट (NEET) की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र कहान पटेल ने 14 मंजिला इमारत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। साबरमती पुलिस मामले की जांच में जुटी।

Image

6ठी मंजिल से कूदकर दी जान (सांकेतिक चित्र | iStock)

Photo : iStock

New Ranip Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक बेहद ही हैरान और विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है। शहर के न्यू रानीप इलाके में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट (NEET) की तैयारी कर रहे एक 17 वर्षीय छात्र ने बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी । इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके और सोसाइटी में मातम पसरा हुआ है। मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय कहान पटेल के रूप में हुई है, जो NEET पास कर डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था।

बालकनी की जाली काटकर कूदा

यह दर्दनाक वाकया न्यू रानीप स्थित 'एरिस्टो आनंदम' फ्लैट्स के बी-ब्लॉक में हुआ। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कहान पटेल ने रात के करीब ढाई बजे अपने बेडरूम की बालकनी में सुरक्षा के लिए लगी जाली को किसी चीज से काटा और वहां से नीचे छलांग लगा दी। यह 14 मंजिला इमारत है और छात्र का परिवार इसकी छठी मंजिल पर रहता था।

रात का वक्त होने के कारण जब छात्र नीचे गिरा, तो तत्काल किसी को भी इस बात की भनक नहीं लगी। कुछ समय बाद जब फ्लैट के सिक्योरिटी गार्ड की नजर लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े छात्र पर पड़ी, तब जाकर उसने सोसाइटी के अन्य लोगों और परिजनों को इस खौफनाक घटना की जानकारी दी। ऊंचाई से गिरने के कारण छात्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

आत्महत्या की वजहों की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय साबरमती थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), साबरमती पुलिस इंस्पेक्टर (PI) और पुलिस की विशेष 'ओ टीम' ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल या छात्र के कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसके कारण आत्महत्या के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में सिर्फ यह बात सामने आई है कि छात्र नीट की तैयारी कर रहा था, जिससे पुलिस पढ़ाई के तनाव के एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

सूरत में रहते हैं पिता, सिविल अस्पताल भेजा गया शव

पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो मृतक कहान पटेल इस फ्लैट में अपनी मां और एक अन्य भाई-बहन के साथ रहता था, जबकि उसके पिता काम के सिलसिले में सूरत में रहते हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर सुनकर परिवार गहरे सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। साबरमती पुलिस ने मृतदेह को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु (AD) का मामला दर्ज कर लिया है और छात्र के मोबाइल, किताबों व दोस्तों से पूछताछ के जरिए आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

यदि आप या आपके जानने वाले किसी भी तरह के मानसिक तनाव, डिप्रेशन या पढ़ाई के दबाव से गुजर रहे हैं, तो कृपया अकेले न रहें। आप राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 'किरण' (KIRAN) के टोल-फ्री नंबर 1800-599-0019 पर संपर्क कर विशेषज्ञों से मुफ्त और गोपनीय मदद ले सकते हैं।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article