Ahmedabad Murder Case: अहमदाबाद के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक रिलीफ रोड पर रविवार को दिनदहाड़े हुई हत्या से सनसनी फैल गई। एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जिससे सड़क पर खून बहने लगा और इलाके में अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान हाटकेश्वर निवासी जयशंकर राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जयशंकर और वटवा निवासी शाकिब सलीम शेख के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
प्राथमिक जांच में क्या सामने आया?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रविवार को शाकिब ने जयशंकर को पैसे के मामले में बातचीत करने के लिए पत्थरकुवा इलाके में बुलाया था। वहां दोनों के बीच एक बार फिर पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आए शाकिब ने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकाला और जयशंकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जयशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
क्या है हत्या का कारण?
घटना की सूचना मिलते ही कारंज पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश शुरू की गई और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एसीपी हिरेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पैसों का लेन-देन सामने आया है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े
पुलिस ने कहा, "हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि की जा रही है।" दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
