Agra Crime: ताज नगरी आगरा के न्यू आगरा इलाके में स्थित एक फ्लैट में एक वकील ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर शाम की है। मामले की जानकारी तब सामने आई जब एक परिचित युवती अधिवक्ता के घर मिलने पहुंची। फ्लैट का दरवाजा नहीं खोला तो उसने सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस दरवाजा तोड़ फ्लैट के अंदर पहुंची तो अधिवक्ता विशाल शर्मा का शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन भी मौके पर आए। हालांकि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे सुसाइड ही मान रही है।
विशाल की मौत की सूचना के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से यूपी बार काउंसिल का आईडी कार्ड मिला है। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर के कई अधिवक्ता मृतक के फ्लैट पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
दो दिन पहले ही फ्लैट लिया था किराए पर
न्यू आगरा थाने के एसएचओ विजय विक्रम सिंह के मुताबिक, दयालबाग मार्ग पर स्थित एक अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट में मृतक का शव मिला है। दो दिन पहले ही मृतक विशाल शर्मा (34) निवासी आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 14 ने एक फ्लैट किराए पर लिया था। शनिवार शाम को मृतक विशाल से मिलने के लिए परिचित युवती आई थी। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर उसने अपार्टमेंट के लोगों को बताया। फोन भी रिसीव नहीं हो रहा था। लोगों के दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
एसएचओ के मुताबिक फ्लैट के अंदर कमरे में पंखे के हुक में फंदे पर विशाल का शव लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फील्ड यूनिट की टीम ने घटना स्थल की जांच की है। मृतक के पास से यूपी बार काउंसिल का आईडी कार्ड मिला। इस पर लिखे पते से परिजन को सूचना दी गई। मृतक के पिता आगरा एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। परिजनों के मुताबिक मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
