आगरा

Mathura News: मकान ढहने के मुख्य आरोपी की तलाश जारी, पुलिस ने घोषित किया 25 हजार रुपये का इनाम

Mathura News: यूपी के मथुरा जिले में 15 जून को 6 मकान ढहने और उसमें तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

Image

मकान ढहने के मामले में मुख्य आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित

Photo : iStock

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में 15 जून को छह मकान ढहने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। बता दें कि इस घटना में रविवार को दो बच्चियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच, जिला प्रशासन ने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की जाएगी। साथ ही, विस्थापित परिवारों में से पांच को वृंदावन में सरकारी आवास आवंटित किया गया है और उन्हें उनके सामान के साथ वहां स्थानांतरित कर दिया गया है।

आरोपी पर रखा 25 हजार का इनाम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि घटना के आरोपी सुनील गुप्ता उर्फ चैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है और इस मामले में गिरफ्तारी के लिए छह टीमें बनाकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व सर्विलांस के माध्यम से लोकेशन का पता लगाया जा रहा है और आरोपी की जानकारी देने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

घटना से प्रभावित पांच परिवारों को सरकारी आवास दिया गया

दो दिन पूर्व 15 जून को मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के कच्ची सड़क स्थित माया टीले पर प्लॉट के समतलीकरण के लिए मिट्टी की खुदाई के दौरान छह मकान ढह गए थे। मकानों के मलबे में दबकर दो बच्चियों यशोदा और काव्या के अलावा एक अन्य युवक तोताराम की मौत हो गई थी। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि इस घटना से प्रभावित लोगों के बयानों के मुताबिक राजस्व विभाग की टीम ने सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार की और शाम तक पांच परिवारों को जिला शहरी विकास अधिकरण (डूडा) द्वारा वृंदावन में सौ शैया अस्पताल के निकट निर्मित सरकारी आवास आवंटित कर उनके सामान सहित उन्हें वहां पहुंचा दिया गया।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article