Agra Fire Incident: आगरा में कारपेट कारोबारी के घर में देर रात आग लग गई। जिसमें उसके बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। जिसके बाद पुलिस ने घर के अंदर से शव को बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया में बताया जा रहा है कि मंदिर में रखे दीपक से घर में आग लगी है।
आग की लपटों में घिरा बेटा
यह घटना थाना सदर शहीद नगर कावेर विहार कॉलोनी की है। इस हादसे के दौरान कारपेट कारोबारी केजी वशिष्ठ और उनका 35 साल का बेटा भारत वशिष्ठ घर पर अकेले थे। व्यापारी के घर में धुआं होने पर आग लगने का पता चला। घर में आग लगने के बाद बेटे भारत ने पिता को घर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिसके बाद वह दोबारा घर के अंदर गया। इस दौरान वह आग की लपटों में घिर गया और बाहर नहीं निकल पाया।
आग में बुरी तरह जला शव
इस हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक कारोबारी के बेटे भारत की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। आग बुझने के बाद पुलिस ने भारत के शव को घर से बाहर निकाला। उसका शव बुरी तरह से जल चुका था।
