आगरा के लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। अब लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सफर करने के लिए परेशान नहीं होने पड़ेगा। स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा ई-साइकिल प्रोजेक्ट की शुरुआत की जा रही है। जानकारी के अनुसार ये सेवा इसी सप्ताह से शुरू की जाएगी। इस ई-साइकिल के माध्यम से आप कॉलेज, ऑफिसर और बाजार आसानी से जा सकते हैं। अब आपको जाम और ट्रांसपोर्ट न मिलने वाली समस्याओं से जूझने की आवश्यकता नहीं है।
बता दें कि ई-साइकिल की शुरुआत फरवरी महीने में की गई थी। बैटरी से चलने वाली इस साइकिल की सीट बहुत छोटी थी, जिसके कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने इसे नकार दिया था। इसलिए इसे बंद कर दिया गया था। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इसमें आवश्यक बदलाव और सुधार के निर्देश दिए। निर्देशों के आधार पर हुए बदलाव के बाद नई साइकिल मंगाई गई।
कहां बनाए गए प्रमुख स्टेशन
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत शुरू की गई शेयरिंग ई-साइकिल के लिए स्टेशनों का भी निर्माण किया गया है। इसके प्रमुख स्टेशनों से आप ई-साइकिल की सेवा प्राप्त कर सकते हैं। शहर के सभी रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों, मेट्रो स्टेशन, प्रमुख बाजार, माल के निकट, सदर बाजार, दयालबाग शिक्षण संस्थान, एसएन मेडिकल कॉलेज, ताजमहल के सभी गेटों पर, शिल्पग्राम, कलेक्ट्रेट, ताज नेचर वॉक, डॉ बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय, भगवान टॉकीज, कमला नगर, सिकंदरा, स्कूल, होटल के निकट, नगर निगम, प्रमुख कॉलेज, एजीए और आगरा चौपाटी के पास प्रमुख स्टेशनों का निर्माण किया गया है।
मेंबरशिप कार्ड की डिटेल्स
आगरा शहर में शुरू होने वाली ई-साइकिल सेवा के लिए लोगों को मेंबरशिप लेनी होगी। 1000 रुपये में 1 साल की मेंबरशिप मिलेगी। 300 रुपये में 3 महीने की और 150 रुपये में 1 महीने की मेंबरशिप होगी। लेकिन यदि आप मेंबरशिप के बिना इस सेवा का प्रयोग करना चाहते हैं तो प्रतिदिन आपको 50 रुपये के शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं के एक घंटे के लिए ई-साइकिल का शुल्क मात्र 10 रुपये होगा। एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पर साइकिल रखने के बाद यदि यात्री 30 मिनट में साइकिल फिर लेते हैं, तो उसे पुनः किराये का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है। बता दें कि ई-साइकिल लेने वाले लोगों को 200 रुपये की जमानत राशि का भी भुगतान करना होगा।
ई-साइकिल सेवा की सुविधाएं
शहर के प्रमुख स्थानों पर ई-साइकिल की सेवा प्रदान की गई है। विभिन्न स्थानों पर स्टेशनों का निर्माण किया गया है। ताकि लोग अधिक से अधिक इस सेवा का उपयोग कर सकें। ई-साइकिल से आपको कई सुविधाएं मिलेगी। इसकी स्पीड 25 किमी प्रति घंटा है। 120 किमी पैडल मारने की क्षमता है। 80 किमी बैटरी पर चल सकती है। ई-साइकिल सेवा का उपयोग करने के लिए आपको अपने फोन में एक एप डाउनलोड करनी होगी। इस एप के माध्यम से आप ई-साइकिल के किराये का भुगतान करेंगे। इसमें जियो लॉक सिस्टम भी है। मोबाइल रेंड लॉक सिस्टम, जीपीएस ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध है। इतना ही नहीं पैडल मारने से साइकिल रिचार्ज भी होती है।
