आगरा

विधायक वाले VIP ठाठबाट, फ्री रहना, फ्री खाना; फर्जी आगरा MLA बनकर रौब दिखाने वाला पहुंचा थाने

दिल्ली पुलिस फर्जी आगरा भाजपा विधायक बनकर लोगों पर रौब दिखाने वाले आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोप है कि होटल में 18 दिन से कमरा लेकर बिना किराया दिए रह रहा था। आसपास के रेस्टोरेंट से दिनभर खुद और अपने परिचितों के लिए खाने पीने का सामान मुफ्त मंगा रहा है।

Image

फर्जी विधायक हिरासत में

दिल्ली : मैं आगरा विधायक हूं, कल से स्टेडियम में क्रिकेट खेलूंगा। मेरे लिए स्टेडियम में अलग व्यवस्थाएं करवाओ...कुछ इसी तरह लोगों को खुद के विधायक बताकर दिल्ली के व्यक्ति ने सदर क्षेत्र के कारोबारियों का जीना मुश्किल कर दिया है। होटल में 18 दिन से कमरा लेकर बिना किराया दिए रह रहा है। आसपास के रेस्टोरेंट से दिनभर खुद और अपने परिचितों के लिए खाने पीने का सामान मुफ्त मंगा रहा है। शिकायत के बाद भी चार दिन से पुलिस उसे कुछ कहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। मामला अब आला अधिकारियों तक पहुंच गया है।

बिना किराया दिए रह रहा था फर्जी MLA

सदर के होटल पवन में 29 अक्टूबर को दिल्ली नंबर की स्कार्पियो कार लेकर युवक आया। खुद को विधायक विनोद कुमार बताकर कमरा मांगा। कमरा लेने के बाद कब्जा कर लिया और बिना किराया दिए 18 दिन से जमा हुआ है। कार पर राज्यसभा सांसद लिखवाया हुआ है, जबकि कार भी उसके ही नाम है।

सभी नजदीकी रेस्टोरेंट से दिन भर खाने पीने का सामान मंगा रहा है और बदले में रसूख दिखा कर रुपये भी नहीं दे रहा है। हद तो तब हुई जब एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक आयोजन के दौरान वीआईपी बनकर पहुंच गया और स्टाफ को धमकाने के बाद खुद अगले दिन से क्रिकेट खेलने आने की बोल व्यवस्थाएं करने को कह दिया।

वीडियो बनाकर खुद को विधायक आगरा बताते हुए पोस्ट प्रसारित कर दिया। परेशान होकर पीड़ित होटल स्वामी ने सौदागर लेन पुलिस चौकी पर शिकायत की। पुलिस पहुंची लेकिन भाजपा का झंडा लगी सांसद लिखी गाड़ी देख कुछ पूछने की हिम्मत नहीं कर पाई। कथित ने अब एक दिसंबर तक सरकारी काम के कारण रुकने को कह दिया है।

उसकी हरकतों से पीड़ित होटल कारोबारी का कारोबार ठप हो गया है। शनिवार को मामला एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार के पास पहुंचा, इसके बाद एडीसीपी ने एसीपी सदर इमरान अहमद को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसीपी इमरान अहमद ने बताया, आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article