Agra Suicide: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। कर्ज से परेशान एक शख्स ने जान दे दी। आत्महत्या से पहले शख्स ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा है। जानकारी के अनुसार, आगरा के थाना एत्माद्दौला के सीता नगर में गुरुवार को एक सैलून संचालक अर्जुन सेन (40) ने फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सैलून संचालक का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। उसके पास से सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने कर्जदारों से परेशान होने की बात लिखी थी। इसी वजह से सैलून संचालक ने आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस को सैलून संचालक की बेटी ने तहरीर दी है।
सीता नगर स्थित कुआं वाली गली में रहने वाला अर्जुन सैन रामबाग में सैलून चलाता था। उसने किराये पर दुकान ली हुई थी। सैलून संचालक ने घर भी किराये पर ले रखा था। अर्जुन की एक बेटी है, उसकी शादी हो गई है।
पड़ोसी ने सैलून संचालक को फंदे पर लटका देखा
परिजनों ने बताया कि, अर्जुन की पत्नी मायके गई थी। गुरुवार को वह दुकान पर नहीं गया था। सुबह करीब 11 बजे एक पड़ोसी ने घर में कमरे की चौखट पर अर्जुन का फंदे से लटका शव देखा। पड़ोसी ने अर्जुन का शव लटका होने की जानकारी परिजनों को दी। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा। जांच करने पर कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। एसआई सुशील कुमार ने बताया कि, अर्जुन की बेटी ने तहरीर दी है। तहरीर में उसने पांच लोगों पर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट का मिलान कराया जाएगा।
