आगरा

Agra Kidnapping: आगरा के छात्र का मैसेज, पापा- मुझे कार में डालकर जबरन लेकर जा रहे हैं... सामने आया चौंकाने वाला सच

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 12, 2023, 11:39 PM IST

Agra Kidnapping: ताजनगरी आगरा में एक 11वीं कक्षा के छात्र ने अपने ही अपहरण का ड्रामा रच दिया। छात्र ने परिजनों के मोबाइल पर अपहरण होने का मैसेज किया। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन और फेसबुक दोस्तों की सहायता से 12 घंटे में ही छात्र को ढूंढ निकाला।

Image

छात्र ने किया किडनैपिंग का ड्रामा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा में 11वीं कक्षा के छात्र ने किया किडनैपिंग का ड्रामा
  • केरल जाने से बचने के लिए रची साजिश
  • पिता को किया मैसेज, मुझे कार से जबरन लेकर जा रहे


Agra Kidnapping: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने अपने ही किडनैपी का ड्रामा रच दिया। जब पुलिस ने मामले का खुलासा किया तो हर किसी के होश उड़ गए। दरअसल, बेटे के अचानक गायब और मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन कार्रवाई की। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और फेसबुक फ्रेंडर्स की मदद से 12 घंटे में ही छात्र को तलाश लिया। इसके बाद पूछताछ में छात्र ने चौंकाने वाला सच बताया।

जानकारी के अनुसार, एटा के जलेसर का रहने वाला लड़का कक्षा ग्यारह में पढ़ता है। छात्र ने बताया कि उसके परिजन उसे केरल भेज रहे थे, रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम था, लेकिन वह वहां नहीं जाना चाहता था। छात्र को केरल जाने के लिए आगरा से ट्रेन में बैठना था। इसके लिए वह बस द्वारा आगरा पहुंचा। लेकिन यहां वह ट्रेन में नहीं बैठा।

छात्र ने मोबाइल से किया मैसेज

मंगलवार शाम को छात्र ने परिजनों को फोन करके बताया कि वो टेढ़ी बगिया इलाके में बस से उतर गया है। इसके कुछ देर बाग उसके मोबाइल से एक मैसेज आया कि पापा, टेढ़ी बगिया पर ईको कार सवार उसे जबरन अपने साथ लेकर जा रहे हैं। लगता है मेरा किडनैप हो गया है। इसके बाद छात्र ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इस पर आनन-फानन में परिजनों ने बेटे के अपहरण की सूचना पर आगरा के ट्रांस यमुना थाने में दी।

पुलिस ने छात्र को अलीगढ़ से बरामद किया

पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। छात्र की लोकेशन अलीगढ़ में मिली। इसके बाद पुलिस ने उसका फेसबुक अकाउंट खंगाला। इसमें छात्र ने ताजगंज के रहने वाले फेसबुक फ्रेंड को मैसेज किया था। मैसेज में लिखा था कि वह घर से नाराज हो गया है और उसके घर पर आ रहा है। इसके बाद परिजनों के साथ पुलिस उसके दोस्त के घर पहुंची। दोस्त ने पुलिस को जानकारी दी कि सुबह ही वह अलीगढ़ के लिए चला गया है। इसके बाद पुलिस ने छात्र को अलीगढ़ बाइपास से बरामद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ट्रांस यमुना अवधेश कुमार गौतम के अनुसार, छात्र घर पर ही रहना चाहता था। लेकिन उसके परिजन केरल भेजना चाहते थे। उसने परिजनों से नाराज होकर किडनैपिंग का मैसेज किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!