Jhansi Road Accident: झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा हो गया। जहां महाकुंभ से लौटते समय एक कार की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और एक लड़की घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को अपने कब्जे में लिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को भी इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
महाकुंभ से सूरत लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार कार नंबर GJ 14 AP- 9796 झांसी की ओर आ रही थी। कार में सवार लोग महाकुंभ में स्नान करके वापस अपने घर गुजरात के सूरत लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर कार हादसे का शिकार हो गई। कार की आगे जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई। जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पांचवी लड़की का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
हादसे में मृतकों की पहचान
मृतकों के आधार कार्ड के अनुसार उनकी पहचान 50 वर्षीय जगदीश भाई पुत्र नागजी भाई, कैलाश वेन पत्नी जगदीश भाई, विपिन भाई और भावन बेन पत्नी विपिन निवासी सूरत गुजरात के तौर पर हुई है। वहीं घायल का नाम मिली बताया गया है। जानकारी के अनुसार कार सवार पांचों लोग गुजरात से महाकुम्भ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। स्नान करने के बाद सभी अयोध्या चले गए। अयोध्या से वापस सभी गुजरात अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
