शहर

10 Din Ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा बड़ा असर, कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट; जानें अगले 10 दिन के मौसम का हाल

अगले 10 दिनों का मौसम कैसा रहेगा (11 June to 20 June 2026) लू, बारिश, ओला वृष्टि, बारिश और धूल भरी आंधी कहां होगी: आने वाले दिनों में देशभर में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऐसे में आइए जानें अगले 10 दिन का मौसम कैसा रहेगा?

Image

अगले 10 दिन का मौसम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

अगले 10 दिनों का मौसम कैसा रहेगा (11 June to 20 June 2026): देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वेदर सिस्टम की बात करें तो उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) मौजूद है। भारतीय क्षेत्र में लगभग 15° उत्तर अक्षांश के अनुदिश एक अपरूपण क्षेत्र बना हुआ है और यह निचले क्षोभमंडल स्तरों के बीच स्थित है। निचले क्षोभमंडल स्तर पर गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल से होते हुए पूर्वी बिहार से उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक गर्त बना हुआ है। मध्य क्षोभमंडल स्तर पर दक्षिणी कोंकण तट के पास पूर्वी मध्य अरब सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 11 जून से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के आने की संभावना है। ऐसे में आइए जानें अगले 10 दिन का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में अगले 10 दिन का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में अगले 10 दिनों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 11 से 13 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि 11 और 12 जून को कुछ इलाकों में आंधी के साथ 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। 13 से 15 जून के बीच भी दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश, बादल छाए रहने और बिजली चमकने की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। 16 जून के आसपास बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं और तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

यूपी में अगले 10 दिन के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में अगले 10 दिनों के दौरान मौसम की बात करें तो अभी फिलहाल पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। 11 जून को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 13 जून के बीच बारिश और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। 13 जून को कई स्थानों पर 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 जून को ओले गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 14 से 16 जून के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। बारिश के चलते दिन के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में 13 जून तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 11 और 12 जून को कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 16 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं 11 से 13 जून के दौरान हिमाचल प्रदेश और 11 से 12 जून के दौरान उत्तराखंड तथा जम्मू-कश्मीर में व्यापक वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

यहां है हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार

हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में 11 से 16 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी। 11 और 12 जून को इन क्षेत्रों में तेज आंधी चल सकती है, जिसकी रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी भी देखने को मिल सकती है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 11 से 16 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 12 जून को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। बारिश के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर भारत में होगी भारी बारिश

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 से 16 जून के दौरान व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

केरल और तमिलनाडु में ऐसा रहेगा मौसम

पश्चिम भारत के गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। कोंकण और गोवा क्षेत्र में 11 जून को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। तटीय क्षेत्रों में तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे समुद्री गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।

यहां रहेगा लू का अलर्ट

तापमान के लिहाज से उत्तर-पश्चिम भारत में 11 से 13 जून के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश के प्रभाव से तापमान में कुछ कमी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं ओडिशा, कोंकण-गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

रीचार्ज का पैसा दिया, 5G नेटवर्क का इंतजार किया...फिर ऐसा भड़का गुस्सा कि टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया!, फतेहपुर में चौंकाने वाला मामला

रीचार्ज का पैसा दिया, 5G नेटवर्क का इंतजार किया...फिर ऐसा भड़का गुस्सा कि टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया!, फतेहपुर में चौंकाने वाला मामला

'मैं लज्जित हूं...', पूर्व OSD पर ED कार्रवाई के बाद भावुक हुए हरीश रावत, कांग्रेस के सभी पदों से की इस्तीफे की पेशकश

'मैं लज्जित हूं...', पूर्व OSD पर ED कार्रवाई के बाद भावुक हुए हरीश रावत, कांग्रेस के सभी पदों से की इस्तीफे की पेशकश

BRICS Summit के बीच दिल्ली में बदला ट्रैफिक का पूरा प्लान, कई सड़कों पर रहेगी पाबंदी; यात्रियों को सलाह- मेट्रो का करें इस्तेमाल

BRICS Summit के बीच दिल्ली में बदला ट्रैफिक का पूरा प्लान, कई सड़कों पर रहेगी पाबंदी; यात्रियों को सलाह- मेट्रो का करें इस्तेमाल

Etawah News: मासूम से दरिंदगी के बाद दो दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, फिर मुठभेड़ हुआ घायल; तमंचा-कारतूस बरामद

Etawah News: मासूम से दरिंदगी के बाद दो दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा आरोपी, फिर मुठभेड़ हुआ घायल; तमंचा-कारतूस बरामद

Aaj Ka Mausam: मानसून फिर दिखाएगा अपना असर, दिल्ली से यूपी-बिहार और राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज; कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: मानसून फिर दिखाएगा अपना असर, दिल्ली से यूपी-बिहार और राजस्थान तक बदलेगा मौसम का मिजाज; कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट