शहर

आठ साल से पुलिस की पकड़ से दूर था पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म का आरोपी, अब हुआ पुणे से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब आठ सालों से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली लाया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Image

दिल्ली लाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi News: दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में करीब आठ साल से वांछित एक व्यक्ति को पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 32 वर्षीय आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह 2018 में पीड़िता के साथ फरार हो गया था। उस समय पीड़िता की उम्र 16 वर्ष थी और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। पीड़िता की साल 2024 में तपेदिक (टीबी) से मौत हो गई थी। उसने पहले मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान में कहा था कि उनका एक बच्चा भी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सागर उर्फ सुमित को तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार को पुणे के बुर्डे बस्ती इलाके से पकड़ा गया।

2018 नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला एक फरवरी 2018 को आनंद पर्वत थाने में दर्ज किया गया था। यह मामला लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जिन्होंने बताया था कि उनकी बेटी 24 जनवरी 2018 को घर से लापता हो गई थी।" पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान लड़की को 24 फरवरी 2018 को बरामद कर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। अपने बयान में उसने बताया था कि सागर उसका प्रेमी था और वह अपनी मर्जी से उसके साथ चली गई थी।

लापता होने के बाद सितंबर 2020 में फिर से मिली लड़की

पुलिस ने बताया कि इसके बाद लड़की दोबारा लापता हो गई और सितंबर 2020 में फिर से मिली। दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 164 के तहत दर्ज उसके बयान में उसने कहा था कि उसने सागर से शादी कर ली है और दोनों की एक बेटी है। पुलिस के अनुसार, लड़की वर्ष 2023 में अपनी बेटी के साथ अपने मायके आई थी और बाद में उसे तपेदिक की बीमारी का पता चला। उपचार के दौरान वर्ष 2024 में उसकी मौत हो गई। वर्तमान में बच्ची सागर के दादा-दादी के साथ रह रही है।

छह अगस्त को हुई सागर की गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि लगातार कोशिशों के बावजूद सागर का पता नहीं चल सका था। एक टीम ने पुणे में उसके होने का पता लगाकर छह अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सागर को दिल्ली लाया गया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान सागर ने पुलिस को बताया कि वह 16 वर्षीय नाबालिग के साथ फरार हो गया था और बाद में उससे शादी कर ली थी। उसने बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करता था और पति के रूप में उसके साथ रहता था। पुलिस ने कहा कि आरोपी का कोई अन्य आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article