शहर

'ACP अपराधी है’: महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न पर बोलीं बृंदा करात, FIR और गिरफ्तारी की रखी मांग

संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए वृंदा करात ने टाइम्स नाउ डिजिटल से खास बातचीत में ये मांग की। उन्होंने कहा कि 'एसीपी अपराधी है। उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।

Image

महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न पर बोलीं बृंदा करात।

एक महिला पत्रकार से कथित यौन उत्पीड़न मामले में माकपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता बृंदा करात ने दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर की मांग की है। उन्होंने कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि एसीपी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए और उसकी गिरफ्तारी हो। करात ने कहा कि यदि शिकायत में संज्ञेय अपराध का आरोप लगाया गया है तो कानून के तहत पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई करनी चाहिए।

संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए वृंदा करात ने टाइम्स नाउ डिजिटल से खास बातचीत में ये मांग की। उन्होंने कहा कि 'एसीपी अपराधी है। उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। शिकायत को क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए वृंदा करात ने कहा कि शिकायत को क्राइम ब्रांच को भेजने से पहले स्थानीय स्तर पर FIR क्यों दर्ज नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला की ओर से पुलिस अधिकारी के खिलाफ गंभीर शिकायत दी गई है तो उसे केवल जांच के लिए आगे भेजने के बजाय कानूनी प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। करात ने प्रदर्शनकारियों से पुलिस की ओर से कथित तौर पर इंतजार करने को कहे जाने पर भी नाराजगी जताई।

जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। इनमें से एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान ACP ने उसके साथ यौन दुर्व्यवहार किया।

महिला पत्रकार के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के दौरान मौके पर पर्याप्त महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। इसी मुद्दे पर उसने संबंधित ACP से सवाल किया था। शिकायत के अनुसार, इसके बाद अधिकारी ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और उसे पीछे धकेला।

दिल्ली पुलिस ने शिकायतों की पुष्टि की

दिल्ली पुलिस ने तीन महिला पत्रकारों की ओर से शिकायतें मिलने की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले को निष्पक्ष जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। क्राइम ब्रांच शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

वहीं, आरोपी ACP विवेक भगत से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। शिकायत में उनका नाम होने की बात भी सामने आई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article