शहर

Aaj Barish Ka Mausam : आज मौसम का उलटफेर, यूपी-राजस्थान में बारिश-ओलावृष्टि ने बिगाड़ा खेल; जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Aaj Barish Ka Mausam : मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार देर रात तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश से मौसम काफी गहरा गया। तेज हवाओं के कारण लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि गुरुवार को इसी प्रकार का मौसम रहेगा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहेगा।

Image

उत्तर प्रदेश का मौसम

Aaj Barish Ka Mausam : उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि जारी है। बुधवार देर रात तक उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश और ओले गिरे। हवाओं की गति अधिक होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों और राज्य के कुछ पूर्वी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को भी राज्य के कई जिलों में मौसमी गतिविधियों के अलावा घना से अति घना कोहरा छाया रहेगा।

यूपी में आज बारिश

आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग अलग स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हुई। वहीं, बरेली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इन दोनों स्थानों पर तेज हवाएं चलीं। सबसे अधिक 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगरा में हवा चली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर घना कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग के मुताबिक, संभल के गुतरौर में पांच सेमी, कन्नौज के तिरवा में चार सेमी और अमरोह, बरेली, ललितपुर, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और हरदोई में तीन-तीन सेमी वर्षा दर्ज की गई।

इसने बताया कि गोरखपुर और अयोध्या मंडलों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। लखनऊ, बरेली और आगरा मंडलों में भी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा। राज्य में बृहस्पतिवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

राजस्थान में बारिश

राजस्थान के कई स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह खत्म हुए पिछले 24 घंटो के दौरान पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर वज्रपात व मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक 26.0 मिलीमीटर बारिश मनोहर थाना (झालावाड़) में दर्ज की गयी। वहीं इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर मध्यम से घना कोहरा भी दर्ज किया गया।

इस दौरान अधिकतम तापमान डुंगरपुर में 28.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान नागौर में 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, अभी राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तेज उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। वहीं, एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 31 जनवरी व एक फरवरी को राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article