Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम के अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है, वहीं दूसरी ओर आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में लू का प्रभाव बना रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब, असम, नागालैंड समेत 17 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
दिल्ली-NCR में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम बदल गया है। गर्मी से भी राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।मौसम विभाग ने 14 मई यानी आज भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि ये राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। राजधानी में 15 और 16 मई तक दिन का तापमान फिर से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान लोगों को फिर से तेज धूप और उमस के कारण भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
यूपी में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी 14 मई तक मौसमी गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। आज भी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं चलने और गरज-चमक की संभावना है। गुरुवार को लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, शाहजहांपुर और शामली समेत कई शहरों में बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं कुछ इलाकों में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है।
बिहार में आज का मौसम
बिहार में 14 से 17 मई तक मौसम बिगड़ा हुआ रहने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 16 मई को कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। इस दौरान प्रशासन ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
पहाड़ों में आज का मौसम
मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 15 और 16 मई को बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान हिमाचल के शिमला में सर्द हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीें मनाली और लाहौल-स्पीति के ऊंचे वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। धर्मशाला और मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब में मौसम का हाल
पंजाब में भी मौसम आज बदला हुआ रहेगा। इस दौरान अमृतसर, लुधियाना और जालंधर में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पटियाला और मोहाली में शाम के समय छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य के सीमावर्ती इलाकों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
इन जगहों पर लू और भीषण गर्मी का प्रकोप
दूसरी ओर राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में तेज गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में 15 मई तक हीटवेट का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ हिस्सों में 18 मई तक लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। जैसलमेर और बीकानेर में भी भीषण गर्मी के साथ गर्म रातें लोगों को परेशान कर सकती हैं। वहीं महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान जलगांव, नासिक, अहिल्यानगर, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, हिंगोली, नांदेड़ और विदर्भ के अकोला, अमरावती व वर्धा जिलों में लू की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
