ऑटो न्यूज़

कल लॉन्च होगी नई Toyota Innova Hycross! फीचर्स से लेकर कीमत तक जानें सबकुछ

नई Toyota Innova Hycross भारत में कल लॉन्च होने जा रही है। साल 2022 में भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद यह Innova Hycross का पहला बड़ा अपडेट माना जा रहा है।

Image

कल लॉन्च हो रही है नई Innova Hycross (Photo: toyotabharat)

टोयोटा भारत में अपनी लोकप्रिय एमपीवी Innova Hycross का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। नई Toyota Innova Hycross Facelift 2026 की कीमत का खुलासा कल यानी 25 नवंबर 2026 को किया जाएगा। कंपनी ने हाल ही में इस अपडेटेड एमपीवी का टीजर जारी किया है, जिसमें इसके बड़े बदलावों के संकेत मिले हैं। हालांकि, अभी तक गाड़ी का पूरा डिजाइन सामने नहीं आया है। साल 2022 में भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद यह Innova Hycross का पहला बड़ा अपडेट होगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि नए मॉडल में क्या कुछ खास मिलने की उम्मीद है-

डिजाइन में क्या होगा नया?

नई Innova Hycross के एक्सटीरियर में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसके फ्रंट प्रोफाइल को पहले से ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए नई डिजाइन वाली हेडलाइट्स, अपडेटेड ग्रिल और नए LED DRLs दिए जा सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी शामिल कर सकती है।

Toyota Innova Hycross Facelift

Toyota Innova Hycross Facelift कल होगी लॉन्च

गाड़ी के पिछले हिस्से में भी बदलाव की उम्मीद है। यहां नए बंपर और अपडेटेड टेललैंप्स देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, कंपनी इसके ओवरऑल डिजाइन और बॉडी शेप में बड़े बदलाव करने की संभावना कम है। यानी इसका मौजूदा सिल्हूट बरकरार रह सकता है।

इंजन और परफॉर्मेंस में होगा बदलाव?

फेसलिफ्ट मॉडल होने के कारण इसके इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। नई Innova Hycross में मौजूदा 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन मिल सकता है। पेट्रोल इंजन को CVT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाता है, जबकि हाइब्रिड वेरिएंट में e-CVT ट्रांसमिशन मिलता है।

इसके अलावा, कंपनी इसमें फ्लेक्स-फ्यूल कंपैटिबल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी दे सकती है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह तकनीक गाड़ी को ज्यादा एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल, E30 या उससे अधिक ब्लेंड वाले फ्यूल पर चलने में सक्षम बना सकती है।

मौजूदी फीचर्स भी रहेंगे बरकरार

फीचर्स की बात करें तो नई एमपीवी में मौजूदा 10.1-इंच टचस्क्रीन की जगह बड़ा 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है। इसके अलावा, हायर वेरिएंट में 12.3-इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे मौजूदा फीचर्स भी बरकरार रहने की उम्मीद है।

कितनी होगी कीमत

नई Toyota Innova Hycross Facelift की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 20 लाख रुपये हो सकती है। मौजूदा मॉडल के मुकाबले इसकी कीमत में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, इसकी सटीक कीमत का खुलासा 25 नवंबर को होगा।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article